मशाल जलाकर हाथियों को भगाते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
कई गांवों के पास किसानों की धान, गन्ने की फसल रौंदी, खदेड़ने पर भी नहीं भागे
ममरी। मोहम्मदी रेंज की देवीपुर बीट जंगल में दो दिनों से डेरा जमाए नेपाली हाथियों ने सोमवार रात गांव मुल्लापुर और रायपुर के आसपास जमकर उत्पात मचाया। वनकर्मी और ग्रामीण रात भर मशाल जलाकर और पटाखे दागकर हाथियों को खदेड़ने का प्रयास करते रहे, लेकिन वे हाथियों को भगा नहीं सके।
नेपाल के जंगली हाथियों ने सोमवार रात मुल्लापुर गांव के पास नरसिंहपुर निवासी बाबूराम वर्मा, रोशननगर निवासी अनूप चंद वर्मा, बाबरपुर निवासी अनंतराम वर्मा, मुल्लापुर निवासी मिहीलाल, राम रतन, निर्मल सिंह, रायपुर निवासी कई किसानों के खेतों में खड़ी धान और गन्ने की फसल रौंदकर तहसनहस कर डाली।
एसडीओ अशोक कुमार, रेंजर मोबीन आरिफ ने बताया कि फॉरेस्टर जगदीश वर्मा और रोहित श्रीवास्तव के निर्देशन में वनकर्मी, एसटीपीएफ के जवान ग्रामीणों के साथ रात भर मशाल जलाकर पटाखे लगाकर शोर मचाते हुए हाथियों के झुंड को खदेड़ने का प्रयास करते रहे, लेकिन हाथियों के झुंड के आगे उनकी एक नहीं चली, बल्कि हाथी खेतों में उत्पात मचाते रहे बाद में हाथी फिर जंगल में घुस गए।
नेेपाल से आए यह जंगली हाथी मोहम्मदी रेंज की देवीपुर बीट के कंपार्टमेंट नंबर दस और 13 के जंगल में अपना ठिकाना बनाए हुए हैं। रेंजर मोबीन आरिफ का कहना है कि अभी तो हाथियों को खदेड़ने का प्रयास हो रहा है बाद में बर्बाद हुई फसलों का सर्वे कराकर किसानों को प्रशासन की ओर से मुआवजा दिलाया जाएगा।