धौरहरा। ईसानगर के मेला मैदान में आयोजित स्वर्गीय राजा राजेंद्र प्रताप सिंह स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट (सीजन-3) के डे-नाइट फाइनल में लाला मैकू ज्वेलर्स क्लब ने भारतीय सुपर किंग्स को हराकर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल में भारतीय सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में 7 विकेट पर 127 रन बनाए। गोलू ने 11 गेंदों पर 28 रन, जबकि गुड्डू और कप्तान एकराम ने 13-13 रन का योगदान दिया। लाला मैकू ज्वेलर्स क्लब की ओर से हारून ने 4 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट लिए।
128 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए लाला मैकू ज्वेलर्स क्लब की शुरुआत लड़खड़ाई, लेकिन नौशाद ने 35 गेंदों में 50 रन की शानदार पारी खेलते हुए टीम को 11 ओवर में 7 विकेट पर जीत दिला दी।
भारतीय सुपर किंग्स के एकराम ने 4 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट लिए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। नौशाद को मैन ऑफ द मैच और एकराम को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
समापन पर सुभम मिश्रा ‘राधे’, निरंकार सिंह, सुनील तिवारी ‘आशीर्वाद’, प्रमोद मिश्रा, आयोजन समिति के अध्यक्ष गोविंदा पाण्डेय, आकाश तिवारी, अर्पित मिश्रा, शिवम गुप्ता, कोषाध्यक्ष सुजीत पाण्डेय, अंपायर अरुण शुक्ल, संजीव मिश्र ‘शिवा’, स्कोरर दिनेश सोनी, कमेंटेटर शिवशंकर मिश्रा व मुजम्मिल अहमद सहित कई लोग मौजूद रहे।