फरधान (लखीमपुर खीरी)। गांव बरखेरवा में पिता-पुत्र की हत्या के बाद गांव में दूसरे दिन भी सन्नाटा पसरा रहा। बेटे के हैदराबाद से आने के इंतजार में घर वालों ने शवों की अंत्येष्टि नहीं की है। परिवार वाले उसके आने का इंतजार कर रहे हैं। इधर पुलिस ने दोहरे हत्याकांड में नामजद चार सगे भाइयों समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव मनिकापुर निवासी वकील रमेश शुक्ला व उनके पुत्र हरगोविंद शुक्ल की बुधवार सवेरे पड़ोसी गांव बरखेरवा में हत्या कर दी गई थी। दोनों कोटे की दुकान पर राशन लेने गए थे। घटना से गांव बरखेवा में जहां दहशत फैल गई। वहीं मनिकापुर में मातमी सन्नाटा छा गया था। बुधवार की शाम दोनों शव पोस्टमार्टम के बाद जब गांव पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया। मृतक का छोटा बेटा शिव गोविंद हैदराबाद में पढ़ाई करता है। उसके न आ पाने के कारण घर वालों ने बृहस्पतिवार को शवों की अंत्येष्टि नहीं की। घर वाले उसके आने का इंतजार कर रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक विमल गौतम ने बताया कि पुलिस ने हत्यारोपी प्रखर शुक्ल, प्रशांत शुक्ल, मयंक शुक्ल, ऋषभ शुक्ल, अखिलेश शुक्ल और मिथलेश को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त आला कत्ल बरामद किए हैं।
दूसरे दिन भी कोटे पर राशन का वितरण नही हुआ
बरखेरवा गांव में कोटेदार के यहां दोहरे हत्याकांड के बाद दूसरे दिन भी राशन वितरण नही हो सका। क्योंकि हत्यारों ने राशन वितरण की मशीन भी तोड़ डाली थी। पुलिस भी पूछताछ के लिए कोटेदार व उसके पुत्र को पकड़ ले गई थी।