एबीआरसी को पीटा, पांच सस्पेंड
अनधिकृत बीआरसी की शिकायत के शक में नाराज हुए साथी
अनधिकृत बीआरसी कार्यालय के छापे के बाद कुछ शिक्षकों ने मुखबिरी के शक में बीएसए कार्यालय आए रमियाबेंहड़ के एबीआरसी की बीएसए कार्यालय के बाहर पिटाई कर दी। भुक्तभोगी शिक्षक ने घटना को शिक्षक संघ के सामने रखा है तथा आरोपी शिक्षकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की है। इस घटना को संज्ञान में लेते हुए बीएसए डॉ. ओपी राय ने पांच आरोपी शिक्षकों प्रतीक कुमार, प्रतुल, प्रवीण कुमार, देेवेंद्र और संतोष कुमार को निलंबित कर दिया है। इसमें प्रतुल बीआरसी पर मारे गए छापे के दौरान भी मिला था।
अनधिकृत बीआरसी कार्यालय पर कार्रवाई के बाद अचानक बीएसए कार्यालय के बाहर फिर गहमा-गहमी शुरू हो गई। शाम लगभग 5.30 बजे यहां निर्माण समन्वयक के पास किसी काम से आए रमियाबेंहड़ के एबीआरसी ओमप्रकाश की कुछ शिक्षकों ने पिटाई कर उनके कपड़े फाड़ दिए। भुक्तभोगी ओमप्रकाश वर्मा ने छापामारी के दौरान पकड़े गए शिक्षकों पर ही पिटाई करने का आरोप लगाते हुए बताया है कि छापामारी में पकड़े गए शिक्षकों को शक है कि उन्होंने ही उनकी शिकायत बीएसए से की है। ओमप्रकाश ने बताया कि शिक्षकों ने उनकी पिटाई कर उनके कपड़े फाड़ दिए तथा उनकी सोने की चेन भी खींच ले गए। एबीआरसी ओमप्रकाश ने घटना की सूचना उच्च प्राथमिक शिक्षक संघ को दी है। देर रात मारपीट की घटना को संज्ञान में लेते हुए बीएसए ने ये कार्रवाई की।
भुक्तभोगी शिक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि उन्होंने पूरे घटना क्रम से संगठन को अवगत करा दिया है साथ ही वे इसकी तहरीर कोतवाली में देंगे इसमें आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग करेंगे। आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज न होने और गिरफ्तारी न होने की दशा में वे मंगलवार से बीएसए कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर देंगे।