बेलवा गांव में 10 जुलाई को हुई थी वारदात, आरोपी देवर पुलिस गिरफ्त से बाहर
ममरी। हैदराबाद थाना पुलिस ने बेलवा गांव में 30 वर्षीय बहू अरुंधति की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या करने वाले दो आरोपियों सास माया देवी व ससुर रामकृष्ण वर्मा को हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी समेत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बेलवा गांव निवासी रामकृष्ण वर्मा व उसकी पत्नी माया देवी ने घरेलू कलह के चलते 10 जुलाई को 30 वर्षीय पुत्रवधु अरुंधति की बेटे नरेंद्र वर्मा की गैरमौजूदगी में कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी थी। बेटे नरेंद्र वर्मा ने मां माया देवी, पिता राम कृष्ण वर्मा और भाई शिशिर वर्मा के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पूछताछ में आरोपी सास-ससुर ने पुलिस को बताया कि बहू अरुंधति की शादी मैलानी थाना क्षेत्र के गांव भगतपुर में हुई थी, जिसे उसका बेटा नरेंद्र वर्मा भगा लाया था और कोर्ट मैरिज कर ली थी। करीब छह साल बाहर रहने के बाद जब दोनों वापस घर लौटे तो पूरी जमीन पर काबिज होने की कोशिश की, जिसको लेकर सास बहू के बीच रोजाना झगड़ा होता था। उनका कहना है कि घटना वाले दिन बहू कुल्हाड़ी के डंडे से सास को मार रही थी। रामकृष्ण ने बताया कि यह दृश्य देख वह आगबबूला हो गए और बहू से कुल्हाड़ी छीन कर उसकी गर्दन पर वार कर हत्या कर दी थी। उन्होंने अपने छोटे बेटे शिशिर को निर्दोष बताया है।
थाना प्रभारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में नामजद दो आरोपियों सास माया देवी और ससुर रामकृष्ण वर्मा को हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी समेत गिरफ्तार कर चालान भेज दिया गया है। तीसरा आरोपी शिशिर वर्मा पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
एक साल बाद दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
ममरी। हैदराबाद थाना पुलिस ने तमंचे के बल पर दुराचार करने वाले अयोध्यापुर निवासी 20 वर्षीय आरोपी पवन पुत्र दुबई को कोर्ट के आदेश पर एक साल बाद गिरफ्तार कर उसका चालान भेजा है।
एसओ अजय कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी ने पिछले साल पीड़िता के साथ तमंचे के बल पर दो बार दुराचार किया था। पीड़िता की मां ने कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट की शरण ली थी। कोर्ट के आदेश पर पिछले महीने युवक के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। विवेचना में दोषी पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। संवाद