गौरीफंटा/तिकुनियां (लखीमपुर खीरी)। मोस्टवांडेट विकास दुबे नेपाल न जाने पाए इसको लेकर एसपी ने जिले की सीमाएं सील करने के निर्देश दिए हैं। नेपाल सीमा पर भी हाईअलर्ट है। पुलिस गौरीफंटा सीमा पर तो पूरी तरह से सतर्क है और चेकिंग कर रही है, लेकिन तिकुनियां से जुड़ी सीमा पर पुलिस न तो चेकिंग कर रही है न ही मोस्टवांटेड के पोस्टर चस्पा किए गए हैं। ऐसे में पुलिस की लापरवाही भारी पड़ सकती है।
लखीमपुर खीरी से सटे पीलीभीत और बहराइच जिले की सीमा भारत-नेपाल की खुली सीमा से जुड़ी है। खीरी जिले की करीब 120 किलोमीटर सीमा नेपाल से लगती है। दोनों देशों की सीमाओं के बीच मोहाना नदी पर कई ऐसे घाट हैं, जो अधिकृत नहीं हैं। इन घाटों से पहले भी चोरी छुपे नौका संचालन होता रहा है। सूत्रों का कहना है कि लॉकडाउन के बाद से इन घाटों से नेपाल में खेती और व्यापार कर रहे लोग चोरी छिपे अपनी नौकाओं से आते-जाते रहे हैं।
कानपुर में सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियों की हत्या करने वाले मोस्टवांडेट विकास दुबे के नेपाल भागने के इनपुट खुफिया एजेंसियों को मिले हैं। इसको लेकर एसपी ने हाईअलर्ट कर नेपाल सीमा पर चेकिंग तेज कराई है। मोस्टवांडेट के फोटो भी गौरीफंटा, चंदनचौकी, तिकुनियां और संपूर्णानगर पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। गौरीफंटा सीमा पर तो पुलिस मुस्तैद हैं, जबकि तिकुनियां नेपाल सीमा पर लापरवाही बरती जा रही है। यहां न तो पोस्टर चस्पा किए गए हैं न ही चेकिंग हो रही है।
इधर गौरीफंटा सीमा पर गौरीफंटा के प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र यादव ने एसएसबी जवानों के साथ बारिश के बावजूद सीमा पर आने जाने वाले लोगों की सघन चेकिंग की। एसएसबी ने मोहाना नदी घाट पर भी पेट्रोलिंग बढ़ा दी है।
सीमा पर सतर्क रहने और चेकिंग करने के निर्देश सीमा के सभी थाना प्रभारियों को पहले से दिए जा चुके हैं। चेकिंग भी हो रही है। पोस्टर भी चस्पा किए गए हैं। फिर भी यदि कहीं कोई लापरवाही हो रही है तो इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
-अरुण कुमार सिंह, एएसपी