फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीन और कोरोना पॉजिटिव मिले

विज्ञापन
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी। जनपद में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को आई अलग-अलग रिपोर्ट में तीन नए कोरोना पॉजिटिव केस पाए गए हैं। जबकि 247 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने तीन कोरोना पॉजिटिव केस मिलने वाले स्थानों गोला के मोहल्ला कुम्हारनटोला, धौरहरा के फॉरेस्ट रेंज कैंपस और मैगलगंज थाना क्षेत्र के गांव खखरा को कंटेन्मेंट जोन घोषित किया है। इससे जनपद में अब कुल 17 कंटेन्मेंट जोन हो गए हैं और जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 131 हो गई है।
विज्ञापन

मंगलवार को पहले आई 248 रिपोर्ट में एक कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति मिला, जो मैगलगंज थाना क्षेत्र के गांव खखरा का निवासी है। वह कुछ दिन पहले ही गुड़गांव से आया था, जिसका सैंपल लेने के बाद होम क्वारंटीन किया गया था। इसके अलावा दो कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट अलग-अलग लैब से प्राप्त हुई हैं। इसमें एक बालिका संक्रमित पाई गई है, जो धौरहरा के फॉरेस्ट रेंज कैंपस में अपने मामा के साथ रह रही थी। कुछ दिन पहले बालिका जनपद सिद्धार्थनगर गई थी, जहां पर बुखार-खांसी की दिक्कत होने पर उसका कोरोना टेस्ट कराया गया था। तीसरी कोरोना पॉजिटिव महिला गोला के मोहल्ला कुम्हारनटोला की निवासी है, जिसे बीपी और शुगर की समस्या होने पर प्राइवेट लैब से कोरोना टेस्ट कराया गया था। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक जनपद में अब तक कुल 131 कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं, जिनमें उपचार के बाद 114 लोग स्वस्थ्य होने के बाद डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। इस प्रकार जनपद में अब 17 कोरोना के एक्टिव केस बचे हैं।
ईदगाह में मायके से लौटी महिला भी कोरोना पॉजिटिव
शहर के मोहल्ला ईदगाह में रहने वाली एक महिला 10 दिन पहले अपने मायके लखनऊ गई थी, जहां उसका भाई कोरोना पॉजिटिव मिलने पर महिला का भी टेस्ट कराया गया था। सोमवार को महिला अपनी ससुराल मोहल्ला ईदगाह लौटी थी। मंगलवार की सुबह उसकी टेस्ट रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। इससे मोहल्ला ईदगाह में भी सनसनी फैल गई। डीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिला को कोविड केयर सेंटर जगसड़ में भर्ती करा दिया है। साथ ही महिला के संपर्क में आने वाले पति समेत परिवार के सदस्यों को होम क्वारंटीन किया गया है। डीएम ने बताया कि महिला अपने मायके लखनऊ में कोरोना पॉजिटिव भाई के संपर्क में आने से संक्रमित हुई है। इसलिए मोहल्ला ईदगाह को कंटेन्मेंट जोन नहीं बनाया गया है, लेकिन एहतियातन होम क्वारंटीन किए गए परिवार के सदस्यों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन

खखरा में एक माह पहले गुड़गांव से लौटा था वृद्ध
मैगलगंज खखरा (नई बस्ती) में गुड़गांव से नौकरी करके 68 वर्षीय वृद्ध प्रवासी श्रमिक 14 जून को अपने घर में आया था, जिसके बाद यह आराम से अपने परिवार में रहने लगा। इसके परिवार में चार भाई और एक बहन है, जो मोहल्लों में रहते हैं। चारों घरों में इसका आना जाना था और लगभग सभी घरों में आना जाना हो चुका था। तीन जुलाई को जब वृद्ध की तबीयत खराब हुई और खांसी-जुकाम के साथ कोरोना के लक्षण दिखाई देने लगे, तो इसे जांच के लिए पीएचसी खखरा ले जाया गया। मंगलवार को रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद पसगवां सीएचसी अधीक्षक डॉ अश्वनी कुमार ने बताया कि दो टीमें बनाकर खखरा नई बस्ती गांव में मरीज के भाई और बहन के परिवार के सदस्यों को चिह्नित करके रिपोर्ट तैयार की जा रही है। वृद्ध के संपर्क में आने वाले लोगों की संख्या करीब 20 हो गई है। उन्होंने बताया कि सभी लोगों को चिह्नित करके सैंपल के लिए भेजा जाएगा। सभी लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। मोहल्ले को कंटेन्मेंट जोन घोषित करके सील कर दिया गया है। पुलिस ने बेरीकेडिंग करके रास्ते बंद कर दिए हैं। मैगलगंज थाना प्रभारी का कहना है कि खखरा नई बस्ती लाइन पर जहां यह मरीज मिला है, वहां बैरिकेडिंग लगाकर पूरे मोहल्ले को सील कर दिया गया है। पुलिस कर्मियों की ड्यूटी भी वहां लगा दी गई है।
वन दरोगा के घर आई भांजी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव
धौरहरा फॉरेस्ट रेंज कॉलोनी में रहने वाले एक वन दरोगा की भांजी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है, जो वन दरोगा के साथ फॉरेस्ट कालोनी में रुकी थी। जबकि वन दरोगा की रिपोर्ट निगेटिव आई है। कुछ दिन पहले वन दरोगा अपने साले और भांजी के साथ अपने गृह जनपद सिद्धार्थनगर गया था, जहां तीनों की कोरोना जांच कराई गई थी। मंगलवार को एसडीएम और सीएचसी अधीक्षक फॉरेस्ट कॉलोनी पहुंचे और रेंजर सहित नौ लोगों के ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। साथ ही कॉलोनी को 48 घंटे के लिए सील करके कंटेन्मेंट जोन घोषित कर दिया।
धौरहरा वन रेंज में तैनात वन दरोगा से मिलने उसका साला 20 जून को रूस से लखनऊ एयरपोर्ट से होकर फॉरेस्ट कॉलोनी आया था। कॉलोनी में कुछ दिन रुकने के बाद पांच जुलाई को वन दरोगा, उसका साला और भांजी गृह जनपद सिद्धार्थनगर चले गए, जहां सिद्धार्थनगर जिला प्रशासन ने तीनों को होम क्वारंटीन करने के साथ ही सैंपल जांच के लिए भेजे थे। एसडीएम एस सुधाकरन और सीएचसी अधीक्षक सुभाष वर्मा स्वास्थ्य टीम के साथ वन रेंज आफिस पहुंचे और पूरी रेंज को 48 घंटे के लिए सील कर रेंजर अनिल शाह सहित नौ कर्मचारियों के सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजे हैं। साथ ही पूरे रेंज आफिस को सैनिटाइज किया गया।
वन रेंज में तैनात दरोगा का साला जो लखनऊ एयरपोर्ट होते हुए रूस से लौटकर धौरहरा वन रेंज की कॉलोनी में रुका था। इनके संपर्क में रेंज के और लोग भी आए होंगे, इसलिए पूरा रेंज आफिस सील कर सभी नौ लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
-एस सुधाकरन, एसडीएम, धौरहरा
रिटायर्ड स्वास्थ्य कर्मी मिली कोरोना पॉजिटिव, स्वास्थ्य टीम ने की मोहल्लेवासियों की जांच
गोला गोकर्णनाथ मोहल्ला कुम्हारन टोला में रिटायर्ड स्वास्थ्य कर्मी महिला की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद उनके निवास स्थान वाली गली को कंटेंमेंट घोषित कर बैरिकेडिंग कर सैनिटाइज किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मोहल्ले के वासियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। गली में आने-जाने पर प्रतिबंध लगाकर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं।
65 वर्षीय रिटायर्ड महिला स्वास्थ्यकर्मी की तबीयत कुछ समय से खराब थी। उनका इलाज नगर के निजी चिकित्सक के पास चल रहा था। हालत बिगड़ने पर उन्हें दो जुलाई को लखनऊ के सहारा हॉस्पिटल में ले जाया गया, जहां जांच में वह कोरोना निगेटिव पाई गईं थी। उसके बाद परिवार वाले उन्हें लखनऊ के ही राम मनोहर लोहिया मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली। महिला अभी राम मनोहर लोहिया मेडिकल कॉलेज में ही भर्ती है जबकि उनके घर के चार सदस्य नगर स्थित घर पर हैं, जिन्हें होम क्वारंटीन कर दिया गया है।
कुम्हारन टोला के नगर पालिका सदस्य सौरभ तिवारी को सुबह नौ बजे जब सूचना मिली तो उन्होंने नगर पालिका और पुलिस को सूचना दी। जिस पर नगर पालिका ने मशीन भेजकर मोहल्ले को सैनिटाइज कराया। सीओ रविंद्र वर्मा और कोतवाल अनिल कुमार यादव ने पुलिसबल के साथ पहुंचकर गली को चारों ओर से बैरिकेडिंग कर बंद करवा दिया है। पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोपहर जाकर घर घर पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण किया है। कोरोना पॉजिटिव महिला का मायका भी नगर के मोहल्ला पश्चिमी दीक्षिताना में है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें