शनिवार को शाहजहांपुर में होगी प्रधानमंत्री मोदी की रैली
कस्ता, मोहम्मदी और गोला से जाएंगे एक हजार से अधिक वाहन
लखीमपुर खीरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को शाहजहांपुर के रेलवे मैदान में विशाल जनसभा करेंगे। इसके लिए जिले से पांच हजार से ज्यादा कार्यकर्ता शाहजहांपुर जाने की तैयारी में हैं। शाहजहांपुर सीमा से लगने वाली कस्ता, मोहम्मदी विधान सभा के अलावा गोला से शनिवार सुबह शाहजहांपुर के लिए कुल 1000 से ज्यादा वाहन रवाना होंगे।
प्रधानमंत्री की रैली को लेकर जिले में तेजी से तैयारियां शुरू हो गई हैं। शाहजहांपुर जनपद से मोहम्मदी और कस्ता विधानसभा जुड़ी हुई हैं। वहीं मोहम्मदी और कस्ता से गोला विधानसभा का भी कनेक्शन है। इसलिए प्रधानमंत्री की रैली में कस्ता, मोहम्मदी और गोला विधान सभा के कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसको लेकर विधानसभा वार तैयारियां चल रही हैं। हर विधानसभा से दस-दस बसों के साथ करीब एक हजार चार पहिया वाहन से कार्यकर्ता जाएंगे। इसके लिए जिलाध्यक्ष ने विधानसभा प्रभारियों को भी रैली की तैयारियों की जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
प्रधानमंत्री मोदी की रैली में गोला, कस्ता और मोहम्मदी विधानसभा के कार्यकर्ता सहित सभी जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। प्रत्येक विधानसभा से दस-दस बसों के साथ करीब एक हजार चार पहिया वाहन जाएंगे। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
- सुनील सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा