लूट की घटना की जानकारी देते जसपाल सिंह
- फोटो : अमर उजाला
लखीमपुर खीरी के गोला कोतवाली क्षेत्र में अलीगंज गोला मार्ग पर बड़ी नहर के पास शनिवार तड़के करीब पांच बजे कार सवार बदमाशों ने असलहों के बल पर धान भरी ट्रैक्टर ट्रॉली लूट ली। बदमाशों ने चालक और हेल्पर को अपनी कार में बैठाकर गोला शहर में छोड़ दिया। सरेराह हुई वारदात की सूचना से पुलिस में खलबली मच गई। सूचना पर पहुंचे सीओ और प्रभारी निरीक्षक ने चालक और हेल्पर से पूछताछ कर घटनास्थल और रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है।
शनिवार की अलसुबह पीलीभीत जिले के थाना हजारा अंतर्गत कबीरगंज नानक फॉर्म नंबर एक निवासी जसपाल सिंह का चालक और नौकर ट्रैक्टर से धान भरी दो ट्रालियों को लेकर अलीगंज रोड स्थित नितिन अग्रवाल की राइस मिल पर आ रहा था। जसपाल सिंह ने बताया कि अलीगंज रोड पर बड़ी नहर के पास कार सवार बदमाशों ने असलहों के बल पर उसे रोक लिया। दोनों ट्रॉलियों में करीब 180 क्विंटल धान भरा था।