घुंघचाई। दहेज में दस लाख की नकदी और चार पहिया वाहन की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को पीटकर घर से निकालने के आरोप में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव कबीरपुर कसगंजा निवासी श्वेता देवी ने बताया कि उसकी शादी दो साल पहले जिला लखीमपुर खीरी के थाना गोला गोकर्ण नाथ निवासी रामजीत के साथ हुई थी। शादी के कुछ माह बाद ही ससुराली दहेज में चार पहिया वाहन व दस लाख रुपये मांगने लगे। असमर्थता जताने पर प्रताड़ित किया जाने लगा।
30 अगस्त 2024 को ससुरालियों ने उसे लाठी-डंडों से पीटा। सात माह के पुत्र को छीनकर घर से निकाल दिया। बिना दहेज के वापस आने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पति रामजीत, सास माया देवी, गंगाराम, मुनीश, लाली, जानू को रिपोर्ट में नामजद किया है।