मोहम्मदी। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शुक्रवार शाम को कुटुंब शाखा का आयोजन किया गया। इसमें आधुनिक जीवन शैली और हमारा स्वास्थ्य सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में आधुनिक जीवन शैली और हमारा स्वास्थ्य विषय पर बोलते हुए डॉ. अनीता शर्मा ने कहा कि हमारा शरीर अमूल्य निधि है और इसे स्वस्थ रखना चाहिए। 25 -30 साल पहले हम लोग आज की अपेक्षा कम बीमार पड़ते थे, लेकिन आज के गलत खानपान और अनियंत्रित जीवनचर्या के कारण हम ज्यादा बीमार हो रहे हैं।
अध्यापक सरिता देवी पांडे ने कहा कि हम सभी को मैदा, शकर, रिफाइंड तेल और नमक के ज्यादा प्रयोग से बचना चाहिए, क्योंकि यह स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा रहे हैं। सच्चिदानंद शुक्ला ने कहा कि शादी बारातों व अन्य मांगलिक कार्यक्रमों पर आयोजित प्रीतिभोज में पनीर का सेवन न करें, क्योंकि अधिकांश जगह यह शुद्ध नही होता है।
लोक भारती के जिला संयोजक अतुल रस्तोगी ने कहा कि हम लोगों को भोजन के समय सम-विषम भोज्य पदार्थों का ध्यान रखना चाहिए। किस वस्तु के साथ क्या लेना है क्या नही लेना है, यह जानना बहुत आवश्यक है। कौन सा आहार कब लेना ठीक रहेगा, यह भी जानना जरूरी है। संवाद