मैलानी। रेल मंत्रालय ने भीरा खीरी-रायबोझा, नानपारा-रायबोझा आमान परिवर्तन, भीरा-रायबोझा के बीच नई लाइन के लिए सर्वेक्षण की मंजूरी दे दी है। यह क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह की ओर से बुधवार देर शाम जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, रेल मंत्रालय ने भीरा खीरी-रायबोझा (120 किमी) के मध्य नई लाइन निर्माण, मैलानी-भीरा खीरी (16 किमी) और नानपारा-रायबोझा (13 किमी) के आमान परिवर्तन के लिए सर्वेक्षण (फाइनल लोकेशन सर्वे- एफएलएस) को स्वीकृति प्रदान की है, ताकि मैलानी से नानपारा के बीच भी ब्रॉडगेज की सुविधा उपलब्ध हो सके। यह क्षेत्र देश के ब्रॉडगेज नेटवर्क से जुड़कर विकास की मुख्य धारा में आ सके।
उत्तर प्रदेश में बहराइच और खीरी जिलों में अवस्थित मैलानी-नानपारा मीटर गेज लाइन के मैलानी-भीरा खीरी, नानपारा-रायबोझा खंडों का आमान परिवर्तन और भीरा खीरी एवं रायबोझा के मध्य ‘दुधवा राष्ट्रीय उद्यान‘ के बाहर से नई ब्रॉडगेज रेलवे लाइन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस सर्वेक्षण के लिए तीन करोड़ 58 करोड़ की लागत की मंजूरी दी गई है। फाइनल लोकेशन सर्वे के साथ विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने का काम भी किया जाएगा।