लखीमपुर खीरी। मझगईं थाना क्षेत्र के युवक ने युवती के फोटो एडिट कर उसे भेज दीं। युवती ने फोटो डिलीट करने को कहा तो युवक रुपयों की मांग करने लगा। पीड़िता ने साइबर थाने में तहरीर देकर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
साइबर थाने में दी गई तहरीर में शहर निवासी एक युवती ने बताया कि वह सोशल मीडिया पर सक्रिय है। कुछ ही दिन पहले उसकी शादी तय हुई। आरोप है कि थाना मझगईं के गांव त्रिलोकपुर निवासी अंकित कुमार नाम के युवक ने उसकी फेसबुक व इंस्टाग्राम आईडी से फोटाे डाउनलोड करते हुए उन्हें एडिट किया। एडिट कर अश्लील बनाई गई फोटो को उसे ही भेजा।
पीड़िता ने जब आरोपी से फोटो हटाने की बात कही तो रुपये मांगने लगा। नहीं देने पर वायरल करने की धमकी दी। आरोप है कि नौ जून को उसके पिता ने आरोपी से मोबाइल पर बात की तो उसने युवती और उसके पति को जयमाल पर ही गोली मारने की धमकी दी। साइबर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।