मिनी राइस मिल और बाइक कुर्क, खलिहान की जमीन से अवैध कब्जा भी हटवाया
सिकन्द्राबाद। थाना नीमगांव क्षेत्र में एक शराब माफिया पूर्व प्रधान के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई के बाद सोमवार को उसकी करीब ढाई लाख की संपत्ति कुर्क कर ली गई।
नीमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नगरा के पूर्व प्रधान त्रिभुवनलाल के घर से पिछले साल सितंबर में पुलिस ने उसके घर से नकली बार कोड के 2000 ढक्कन, 587 खाली पौव्वे और 40 लीटर एल्कोहल बरामद किया था। इस मामले में पूर्व प्रधान और उसे पुत्र समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उसके बाद नीमगांव पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई की थी। सोमवार को उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तहसीलदार मितौली अवधेश कुमार और प्रभारी निरीक्षक नीमगांव गजेंद्र सिंह की संयुक्त टीम ने नगरा गांव से पूर्व प्रधान की मिनी राइस मिल और बाइक समेत करीब ढाई लाख की सम्पति कुर्क कर ली।
प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र सिंह ने बताया कि त्रिभुवन लाल उर्फ बंटू शराब माफिया है और नगरा का प्रधान रह चुका है। ग्रामीणों से पता चला कि पूर्व प्रधान ने खलिहान पर अवैध कब्जा कर रखा है खलिहान की जगह भी कब्जा मुक्त कराई गई।
कैथौला में गैंगेस्टर की संपत्ति कुर्क
ममरी। जिला मजिस्ट्रेट महेंद्र बहादुर सिंह के आदेश पर कोतवाली गोला और हैदराबाद थाना की संयुक्त पुलिस टीम पीएसी फोर्स के साथ हैदराबाद थाना क्षेत्र के कैथौला गांव पहुंचे तहसीलदार गोला विनोद कुमार गुप्ता ने गैंगेस्टर एक्ट के आरोपी पवन कुमार वर्मा पुत्र गोरेलाल वर्मा की संपत्ति कुर्क कर मकान पर नोटिस चस्पा कर दिया है। तहसीलदार गोला विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि यह कुर्की की कार्रवाई जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर की गई है। बताया कि गैंगेस्टर एक्ट के आरोपी की संपत्ति भी कुर्क कर ली गई है। संवाद