कॉन्स्टेबल गिरफ्तार (सांकेतिक फोटो)
- फोटो : Social Media
लखीमपुर खीरी के पलियाकलां जनपद में आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह के दौरे का असर दिखा है, लाइनमैन आत्मदाह मामले में पांच दिन बाद आखिरकार पुलिस ने आरोपी जेई व लाइनमैन जगतपाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो आईजी रेंज के जनपद दौरे के बाद पुलिस हरकत में आई है, और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर भ्रष्टाचार की धाराओं को पुलिस ने बढ़ाया है।
नौ अप्रैल को जेई पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए बिजली विभाग के लाइनमैन गोकुल प्रसाद ने अपने ऊपर डीजल डालकर आग लगा ली थी, जिसके बाद उसे लखनऊ रेफर किया गया था। जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी। मामले में रविवार को पुलिस ने मृतक की पत्नी राजकुमारी की तहरीर पर जेई नागेंद्र कुमार और लाइनमैन जगतपाल उर्फ बबलू के खिलाफ आत्महत्या के लिये उकसाने का केस दर्ज किया था। मामले में पुलिस ने जांच के बाद मृतक की पत्नी राजकुमारी के बयानों के आधार पर यौन उत्पीड़न और भ्रष्टाचार निवारण की धाराओं को बढ़ाया है। साथ ही आरोपी जेई नागेंद्र कुमार व लाइनमैन जगतपाल को टेहरा तिराहे से गिरफ्तार किया है। इससे पहले आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर परिजन ने असंतोष जाहिर करते हुए नाराजगी भी जताई थी। फिलहाल पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनका चालान किया है।
धीमी गति से हो रही विभागीय जांच
आरोपी जेई नागेंद्र कुमार व लाइनमैन जगतपाल के खिलाफ बिजली विभाग द्वारा विभागीय जांच भी की जा रही है। इसके लिए तीन सदस्यीय टीम भी गठित है जो धीमी गति से जांच आगे बढ़ा रही है। जांच में अभी तक क्या हुआ इसकी जानकारी भी सही से नहीं दे पा रही है।