तेंदुआ को पकड़ने के लिए सैदापुर देवकली में लगा पिंजरा। स्रोत वन विभाग
फरधान। शारदानगर वन रेंज क्षेत्र के गांव सैदापुर देवकली में राजकीय रेशम फार्म के पास बुधवार शाम शहतूत के जंगल से निकले तेंदुए ने जसपाल सिंह के झाले पर हमला बोलकर उनके पालतू कुत्ते को निवाला बना डाला। इससे ग्रामीणों में दहशत है। सूचना पर पहुंचे वनकर्मियों ने जांच के बाद तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है।
एक दिन पहले सैदापुर गांव निवासी रमेश कुमार वर्मा के घर में घुसकर भी तेंदुए ने हमला किया था। शोरगुल होने पर वह भाग गया। संडीपुर गांव निवासी कमाल अहमद के घर से भी तेंदुआ बंधी बकरी को उठा ले गया। उसका अधखाया शव पास के गन्ने के खेत से बरामद हुआ था।
जिला पंचायत सदस्य देवकली निवासी मोहम्मद यासीन, कमाल, दिनेश आदि ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक सप्ताह से तेंदुआ खेतों में देखा जा रहा है। रात्रि होते ही पास की आबादी क्षेत्र के गांवों में घुस आता है। इस कारण ग्रामीणों में भय व्याप्त है।
क्षेत्र के गांव सैदापुर, देवकली, घोसियाना, संडीपुर, सांसिया काॅलोनी के किसान काफी भयभीत हैं। एहतियातन वन विभाग ने 23 जुलाई को पिंजरा लगाया और रात्रि में बकरी भी बांधी गई, लेकिन तेंदुआ नहीं फंसा। रेंजर अभय मल्ल ने बताया कि सैदापुर देवकली के पास तेंदुआ होने की सूचना तीन चार दिनों से मिल रही है। वन विभाग की टीम भेजकर काॅम्बिंग कराई गई, लेकिन कही दिखाई नहीं दिया है।