मझगईं। बल्लीपुर गांव में शनिवार सुबह खेत की ओर गई एक महिला पर तेंदुए के शावक ने हमला कर दिया। महिला की चीख सुनकर आसपास काम कर रहे ग्रामीण दौड़े और शावक को भगाकर उसकी जान बचाई। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलिया रेफर किया गया।
बल्लीपुर निवासी चंद्रभाल की पत्नी रामदेवी शनिवार सुबह करीब सात बजे लघुशंका के लिए खेतों की ओर गई थीं। लौटते समय प्रमोद के खेत में छिपे तेंदुए के शावक ने उन पर हमला कर दिया।
हमले में घायल रामदेवी की चीख सुनकर खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शावक को भगा दिया। परिजनों ने उन्हें मझगईं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पलिया सीएचसी रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से एक मादा तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ गांव के आसपास दिखाई दे रही थी। वन क्षेत्राधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है और क्षेत्र में निगरानी के लिए टीमों को लगाया गया है।
-
बेलाकलां में फिर वन्यजीव का हमला, किसान घायल
मझगईं। बेलाकलां गांव में शुक्रवार को वन्यजीव के हमले में एक किसान घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलिया में भर्ती कराया गया। तीन दिन में दूसरी घटना से क्षेत्र में दहशत है। हालांकि, वन विभाग ने घटना की जानकारी होने से इन्कार किया है।
खैराहना निवासी किसान सटल्लू शुक्रवार को बेला गांव के उत्तर दिशा में दीदार सिंह के झाले के पास खेत देखने गया था। इसी दौरान खेत में छिपे बाघिन के एक शावक ने उस पर हमला कर दिया। किसान की चीख सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण पहुंचे और उसे वन्यजीव के चंगुल से छुड़ाया। घायल किसान को सीएचसी पलिया ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार घटनाओं के बावजूद वन विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि हिंसक वन्यजीवों को जल्द सुरक्षित स्थान पर नहीं भेजा गया तो बड़ा हादसा हो सकता है। वन क्षेत्राधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि टीम भेजकर मामले की जांच कराई जाएगी। संवाद