लखीमपुर खीरी। लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में जिले भर के वकीलों में आक्रोश फैल गया। पलिया, धौरहरा और गोला में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपे। अधिवक्ताओं ने दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई, घायल वकीलों के इलाज और अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग उठाई।
पलिया बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अफसर अली और महामंत्री सतीश सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ता तहसील परिसर में एकत्र हुए। इसके बाद एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि 17 मई को लखनऊ में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रख रहे अधिवक्ताओं पर बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज किया गया, जिससे पूरे प्रदेश के अधिवक्ताओं में रोष है। अधिवक्ताओं ने दोषी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल निलंबित कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही घायल वकीलों के मुफ्त इलाज और मुआवजे की भी मांग उठाई गई। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन किया जाएगा।
धौरहरा में अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग
धौरहरा। तहसील धौरहरा अधिवक्ता संघ ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में लखनऊ की घटना की निंदा करते हुए घायल अधिवक्ताओं के इलाज और आर्थिक सहायता की मांग की गई। इसके साथ ही अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट को तत्काल लागू करने की मांग भी उठाई गई। संवाद
गोला में प्रदर्शन कर जताया विरोध
गोला गोकर्णनाथ। बार संघ अध्यक्ष रामकुमार गौतम के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामकुमार गौतम ने आरोप लगाया कि अधिवक्ताओं के चेंबर तोड़े जाने के दौरान मौके पर पहुंचे वकीलों के साथ पुलिस ने अभद्रता की और लाठीचार्ज किया। इस दौरान जगबीर भदौरिया, वीरेंद्र कुमार, पूर्व अध्यक्ष प्रेम किशोर मिश्र, सुरेशचंद्र गुप्ता, संतकुमार भारती, कृष्ण कुमार शुक्ला समेत कई अधिवक्ता मौजूद रहे। संवाद
एसडीएम शशिकांत मणि को ज्ञापन सौंपते अधिवक्ता। संवाद