बीएसएनएल के प्रति बढ़ रहा लोगों का भरोसा
छात्रों के लिए शुरू हुआ फ्रैंड एंड फैमिली प्लान
बीएसनएल के जिला दूरसंचार प्रबंधक अश्वनी कुमार ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता करते हुए बीएसएनएल की नई योजनाओं के साथ- साथ मौजूदा समय में चल रहे आकर्षक प्लानों की जानकारी दी। इन्होंने बताया कि बीएसएनएल जल्द ही अपने उपभोक्ताओं के लिए बेहतर प्लान लाएगा, जिसमें उपभोक्ताओं को डाटा और वाई फाई प्लान की सुविधा मिलेगी।
इन्होंने कहा कि बीएसएनएल का काम पैसा कमाना नही बल्कि लोगों की सेवा करना है। बीएसएनएल की स्थिति पहले से बेहतर हुई है। जिले में बीएसएनएल की खराब नेटवर्किंग के सवाल पर कहा कि जल्द ही इसे दुरूस्त किया जाएगा। नेटवर्क बेहतर हो इसके लिए पनगी कलां, मानपुर और बंशीनगर गांव में बीटीस टावर लगाए जाएंगे। वहीं लैंड लाइन की स्कीम के बारे में बताया कि उपभोक्ता इससे रात 9 बजे से सुबह 7 बजे तक पूरे देश में किसी भी नेटवर्क पर फ्री बात कर सकेंगे। वहीं बीएसएनएल ने अपने उपभोक्ताओं को फ्री रोमिंग की सुविधा दी है। इस दौरान मुख्य लेखा अधिकारी राकेश कुमार तिवारी, इंद्र मोहन राव, आरपी त्रिवेदी सहित जगीर खान मौजूद रहे।
जिले में आज बटेंगे फ्री सिम
बीएसएनएल शनिवार को शहर में कचेहरी रोड, आगा साहब कोठी चौराहा, वाईडी कालेज के निकट तथा मैगलगंज, जंगबहादुरगंज, चंदनचौकी, निघासन सहित गोला शहर में कैम्प लगाकर फ्री सिम बांटेगा।
छात्रों के लिए फ्रैंड एंड फैमिली प्लान
इस प्लान के तहत छात्र को सिम लेकर 118 रुपये का रिचार्ज कराना होगा, जिसमें वन जीबी डाटा और दस रुपये की टॉक वैल्यू मिलेगी। इसी के साथ छात्र एक बीएसएनएल नम्बर पर दस पैसे प्रति मिनट तथा किसी अन्य नेटवर्क के एक नम्बर पर बीस पैसे प्रति मिनट की दर से बात कर सकेंगे।