संपूर्णानगर थाना क्षेत्र के खजुरिया चौकी निवासी एक किशोर की पुलिस हिरासत में पिटाई से मौत का आरोप लगाते हुए परिजन ने रविवार को शव रोड पर रखकर जाम लगा दिया। जानकारी के मुताबिक किशोर को मोबाइल चोरी के आरोप में हिरासत में लिया गया था। परिजन का कहना है कि पुलिस की पिटाई से उसकी हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। आक्रोशित लोग पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज कर बर्खास्त करने की मांग पर अड़े रहे। देर शाम पुलिस की तरफ से परिजन से तहरीर लेकर पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन व डीएम से वार्ता कराए जाने के बाद जाम खुल सका। उधर पुलिस ने हिरासत में पिटाई से मौत की बात खारिज की है ।
इलाके के पेड़िया फार्म कमलापुर निवासी लक्षीराम के 16 वर्षीय पुत्र राहुल को पुलिस ने 19 जनवरी को मोबाइल चोरी के आरोप में हिरासत में लिया था। मामले मे 19 जनवरी को मृतक के चाचा की तरफ से खजुरिया चौकी पर तहरीर दी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने किशोर को हिरासत में लिया था। आरोप है कि पुलिस हिरासत के दौरान पुलिसकर्मियों ने उसकी बेहरहमी से पिटाई की गई और बाद में उसे छोड़ा गया, जिससे तबियत बिगड़ने पर जब उसे रविवार को अस्पताल ले जाया गया तो उसकी मौत हो गई। उधर, किशोर की मौत से गुस्साए परिजन व ग्रामीणों ने शव को बीच सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहले थाना प्रभारी अनिल कुमार सैनी पहुंचे लेकिन उनकी ग्रामीणों ने एक न सुनी। पुलिस के खिलाफ नारे लगाए। जिस पर तहसीलदार आशीष कुमार सिंह, सीओ संजय नाथ तिवारी भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मान मनौव्वल के बाद परिजन की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई किए जाने की बात कही। साथ ही पुलिसकर्मियों पर मुकदमा लिखकर जांच कर सस्पेंड कराए जाने का आश्वासन दिया। डीएम से वार्ता कराई गई जिसमें पांच लाख रूपए का लिखित आश्वासन लेने के बाद ग्रामीणों द्वारा जाम खोला गया। इस दौरान दोनों तरफ वाहनों की कतारें लगी रहीं।
पुलिस पर ही लगाए पुलिस को बचाने के आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि राहुल की मौत पुलिस की प्रताड़ना व पिटाई से हुई है। ऐसे में पुलिस को बचाने के लिए अनपढ़ माता से अंगूठा लगवाकर तहरीर लिखवा ली गई है, जो कि गलत है। ग्रामीणों ने चौकी इंचार्ज, दो सिपाहियों पर मुकदमा लिखे जाने की मांग की। साथ ही पुलिस को रुपये देकर मृतक को पिटवाने वाले युवक को भी आरोपियों में शामिल करने की मांग की। उधर, सीओ ने सभी मांगों को मानकर जांच कराने की बात कहकर ग्रामीणों को संतुष्ट किया।
तीन बहनों में एकलौता राहुल था माता-पिता का लाड़ला
मृतक राहुल अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी तीन बहनें हैं जिनकी रो-रोकर बुरार हाल हो गया है। कुछ साल पहले ही राहुल के बड़े भाई की ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। ऐसे में अब राहुल के इस दुनिया से चले जाने पर माता-पिता के बुढ़ापे का सहारा भी छिन गया है।
परिजन द्वारा तहरीर में जिन पुलिसकर्मियों के नाम बताए जा रहे हैं उनको आरोपी में शामिल कर लिया गया है। विवेचना की जाएगी। खजुरिया चौकी इंचार्ज समेत तीनों पुलिसकर्मियों को हटा दिया गया है। बर्खास्त की कार्रवाई चल रही है, जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। डीएम से फोन पर परिजन की वार्ता कराकर सरकारी पांच लाख का मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। जो ग्रामीणों की मांगें थी लिखित रूप से परिजन को पूरी करने को कहकर दे दी गई है। शव को पीएम के लिए भेजा जा रहा है।- संजय नाथ तिवारी, सीओ पलिया
17 तारीख को मृतक के चाचा ने मोबाइल चोरी का आरोप लगाया था। 19 जनवरी को चाचा और किशोर को चौकी बुलाया गया, जहां उनके बीच लिखित समझौता हो गया, जिसके बाद किशोर घर चला गया। रविवार सुबह 20 तारीख की घटना बताकर मृतक की मां ने तहरीर देकर चाचा और गांव के अन्य लोगों पर किशोर को पीटने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। 20 जनवरी को किशोर को देर रात अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां रविवार सुबह उसकी मौत हो गई, जिसके बाद परिजन ने पुलिस की पिटाई से मौत का आरोप लगाया है। पहले और अब की तहरीर के आधार पर विवेचना जारी है। जांच में अगर पुलिसकर्मी दोषी पाए जाते हैं, तो उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। संजीव सुमन, एसपी