लखीमपुर खीरी के थाना गोला गोकर्णनाथ के मोहल्ला तीर्थ निवासी संजीव शुक्ला अपने परिवार और रिश्तेदारों को लेकर सोमवार की शाम पिकअप (टाटा एसीई) से हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए गए थे। गाड़ी गोला इलाके के ही गांव दत्तेली का दिलशाद (30) चला रहा था। वहां से सभी बुधवार शाम को लौट रहे थे। सुबह चार बजे जब पिकअप गजरौला थाना क्षेत्र में असम हाईवे पर पहुंची तो दिलशाद को झपकी आ गई और गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इससे संजीव की मां सरला देवी (55), पुत्र हर्ष (12), पुत्री खुशी (दो) बड़े भाई श्यामसुंदर शुक्ला (40), उनके छोटे भाई कृष्णपाल की पत्नी रचना (27) भतीजे शशांक (11), आनंद (4) और चालक दिलशाद (35) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पत्नी लक्ष्मी (28) और संजीव के पिता लालमन शुक्ला (60) ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।