मैलानी कस्बा निवासी सुरेश अग्रवाल की बहन बांकेगंज में गोविंद अग्रवाल से ब्याही हैं। पिछले साल रक्षाबंधन के अगले दिन भाई सुरेश ने अपनी बहन को
उपहार स्वरूप 501 रुपये का मनीऑर्डर बांकेगंज निवासी अपने बहनोई गोविंद अग्रवाल के नाम से भेजा था। यह मनीआर्डर ठीक 10 महीने बाद गुरुवार को गोविंद अग्रवाल के पास पहुंचा। डाकिए ने जब उन्हें मनीआर्डर के बारे में बताया तो वह सोच में पड़ गए।
मनीऑर्डर रिसीव करने के बाद जब उन्होंने स्लिप देखी तब उन्हें पूरा माजरा समझ में आया और वह यह जानकर हैरत में पड़ गए कि 18 किलोमीटर की दूरी तय करने में डाक विभाग ने पूरे 10 महीने लगा दिए। इस संबंध में बांकेगंज डाकघर के पोस्टमास्टर राम प्रसाद मित्रा ने बताया कि मैलानी से भेजा गया मनीआर्डर सिस्टम में अपलोड नहीं हो पाया था। इसके चलते मनीऑर्डर आने में देरी हुई। उन्होंने बताया कि यही नहीं गुरुवार को डाकघर में 37 मनीऑर्डर आए हैं। इसमें कुछ एक साल तो कुछ दो साल पुराने हैं। मनीआर्डर मिलने के बाद उनका वितरण कराया जा रहा है।