कुरियानी पहुंचे सतनाम के भाई और पितास्रोत-संवाद
मैलानी। उत्तराखंड में मजदूरी करने गए कुरियानी गांव के चार और गोला के लखरावां निवासी एक मजदूर आठवें दिन भी उत्तराखंड पुलिस की हिरासत में रहे। परिजनों का आरोप है कि पुलिस जबरन चोरी की बात कबूलवाने के लिए सबकी पिटाई करने के साथ ही करंट भी लगा रही है। किसी को भी परिवारवालों से मिलने तक नहीं दे रही है।
कुरियानी निवासी जमुना प्रसाद ने बताया कि उनके दो पुत्र संदीप कुमार और विनीत कुमार के अलावा गांव के छोटे लाल के पुत्र अरुण कुमार, हरद्वारी और थाना गोला के लखरावां निवासी सतनाम करीब तीन महीने पहले मजदूरी के लिए उत्तराखंड के काठगोदाम गए थे। वहां निर्माणाधीन मकान में मजदूरी कर रहे थे। वहां चोरी होने के बाद आठ दिसंबर से सभी लोग काठगोदाम पुलिस की हिरासत में हैं।
सोमवार को हरद्वारी और सतनाम को छोड़ दिए जाने की बात सोशल मीडिया पर वायरल हुई। तहकीकात के लिए कुरियानी पहुंचने पर लखरावां निवासी सतनाम के पिता चेतराम और बड़ा भाई साहब लाल कुरियानी गांव में ही मिल गए। दोनों ने सतनाम के घर न पहुंचने की बात बताई, जबकि हरद्वारी के घर पर कोई भी नहीं मिला। ग्रामीणों ने हरद्वारी के भी गांव न पहुंचने की बात बताई। फिलहाल सभी के परिजन अपनों की वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।