11 मार्च को अज्ञात में जिला अस्पताल में हुआ था भर्ती
घरवालों ने कहा सोशल मीडिया से मिली सूचना, गूंगा है भूपेंद्र
सोशल मीडिया ने जिला अस्पताल में पिछले कई दिनों से बेहोशी की हालत में भर्ती एक अज्ञात किशोर को उसके घरवालों से मिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सोशल मीडिया पर वायरल फोटो देखकर उसके परिवार वाले बुधवार की शाम को जिला अस्पताल आ गए और उसे अपने साथ लेकर घर चले गए।
11 मार्च को एक घायल किशोर को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल लाया गया था। हालत गंभीर होने के कारण उसे न्यू सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया था। कई दिन चले इलाज के बावजूद जब उसे होश नहीं आया तो स्टाफ नर्स अंजू कनौजिया ने घायल किशोर की सूचना उसके परिवार वालों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया पर उसकी फोटो वायरल कर दी, जिससे सूचना पाकर बुुधवार की शाम सीतापुर जिले के रवालगांव से उसके घरवाले जिला अस्पताल पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए। घरवालों ने बताया कि कई दिन से लापता था, जिसकी तलाश रिश्तेदारी और आस पास के गांवों में कर रहे थे, लेकिन बुुधवार को सोशल मीडिया पर फोटो देखकर जिला अस्पताल में होने की जानकारी मिली। घरवालों ने बताया कि भूपेंद्र सिंह बोल नहीं पाता है।