मूसेपुर में ट्रैक्टर में स्पार्किंग से ट्रैक्टर समेत 12 एकड़ गन्ना राख
गुरुवार को सेमरिया फीडर के बिजली तारों में हुई स्पार्किंग से दर्जन भर किसानों का दस एकड़ से ज्यादा गन्ना राख हो गया। उधर मूसेपुर में लगी आग से 12 एकड़ गन्ने की फसल जल गई।
भीरा थाना क्षेत्र के गोला रोड के किनारे बस्तौली गांव के काश्तकारों के गन्ने के खेतों में बिजली स्पार्किंग से आग लग गई। घटना दिन के तीन बजे के बाद की है, सेमरिया फीडर के बिजली लाइन बस्तौला चौराहे के पास से मालपुर की ओर गई हुई है। इस लाइन में संबारी के खेतों के ऊपर से निकले तार काफी नीचे लटके हैं। बताया जाता है कि गुरुवार को इन्हीं बिजली के झूलते तारों के बीच हुई स्पार्किंग से उठी चिंगारी ने किसानों के गन्ने की फसल को जला डाला। आग में बस्तौली गांव के किसान आदित्य कुमार पुत्र रघुवीर प्रसाद का छह बीघा, राम मुरली पुत्र मोतीलाल चार बीघा, तेज सिंह पुत्र गोकरन सिंह का 12 बीघा, विनोद कुमार पुत्र श्रीकेशन एक बीघा, बली मोहम्मद का छह बीघा, भवानी पुत्र हरिवंश का एकड़, बबलू का आठ बीघा, रामकुमार पुत्र झाउ लाल का चार बीघा समेत कई किसानों के खेत राख हो गए। आग लगने की सूचना पर मौके पर पहुंचे ग्रामीण आग की लपटों को देखकर दूर से ही अपने खेतों को जलता देखते रहे। आग गोला रोड के किनारे के खेतों तक आकर थमी।
गुलरिया। भीरा थाना क्षेत्र के ही मूसेपुर गांव में गन्ने के खेत में खड़े ट्रैक्टर में हुई स्पार्किंग से भड़की आग से ट्रैक्टर समेत पांच किसानों के 12 एकड़ से ज्यादा गन्ना राख हो गया। किसान राजेंद्र सिंह अपने खेत में गन्ना भरने ट्रैक्टर-ट्रॉली ले गए थे। मजदूर शाम के पांच बजे गन्ने को भर ही रहे थे, तभी उनके ट्रैक्टर में स्पार्किंग होकर वायरिंग जलने लगी। मौके पर मौजूद किसान ट्रैक्टर को बुझा पाते इससे पहले ही चिंगारी गन्ने के खेत में लग गई। लपटें इतनी भयानक थीं कि पूरा ट्रैक्टर समेत खेत जलने लगा। इस घटना में किसान राजेंद्र सिंह के अलावा कृपाल सिंह, अलीशेर, साहिदा, अली अहमद, अलताफ, सोरन सिंह का करीब 12 एकड़ गन्ना जल गया। डायरेक्टर रामजीतसिंह के नेतृत्व में गन्ना विकास परिषद में समिति के सचिव निर्भय कुमार सिंह से मिले।