बालिका कबड्डी टीम के विजेता खिलाड़ीस्रोत-अनुदेशक
मैलानी। लखनऊ के चौक स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय 46वीं मंडल स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व कर रही उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर फुलहिया की बालिका कबड्डी टीम ने लगातार चौथी बार खिताब जीतकर खीरी का नाम फिर रोशन किया है।
बांकेगंज ब्लॉक के मैलानी क्षेत्र के गांव रामपुर फुलहिया स्थित विद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में लखनऊ को 16-6 से पराजित किया। इस जीत के साथ टीम ने लगातार चौथी बार ट्रॉफी अपने नाम कर इतिहास दोहरा दिया।
टीम के अनुदेशक विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि खिलाड़ियों ने अनुशासन और टीम भावना के साथ पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। टीम की इस उपलब्धि पर प्रभारी प्रधानाध्यापक अरविंद मिश्रा समेत क्षेत्रवासियों ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को बधाई दी। संवाद