लखीमपुर खीरी। धौरहरा सीट पर पोस्टल बैलेट से लेकर ईवीएम के वोटों की गिनती के पहले राउंड से लेकर अंतिम राउंड तक आनंद सिंह भदौरिया ही बढ़त बनाए रहे। एक बार भी ऐसा मौका नहीं आया, जिसमें रेखा अरुण वर्मा किसी राउंड में आगे निकलीं। सबसे दिलचस्प मुकाबला खीरी सीट पर हुआ। उत्कर्ष वर्मा की नैया 13 से 15 राउंड में लड़खड़ा गई थी, लेकिन फिर वह जीत की ओर बढ़ते गए।
मतगणना शुरू होने से पहले लोग अपना-अपना गणित लगा रहे थे। राजापुर मंडी में ठीक सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई और राउंडवार रिजल्ट आने लगे। पहले राउंड में धौरहरा के आनंद सिंह भदौरिया ने बढ़त बनाई जो अंतिम राउंड तक डटे रहे। चौथे राउंड में आनंद सिंह ने रेखा वर्मा से 6026 वोटों से बढ़त बनाई। चौथे राउंड में आनंद को 74040 तो वहीं, भाजपा की रेखा को 68014 वोट मिले थे। वहीं पांचवें राउंड में आनंद को 92284 और रेखा को 85500 वोट मिले। ऐसे में इस राउंड में आनंद 6784 वोटों से आगे रहे। सातवें राउंड में 13143, नौवें राउंड में 10,020, 12वें राउंड में 6168, चौदहवें राउंड में 3535 और 15वें राउंड में 9839 वोटों से सपा प्रत्याशी आनंद सिंह भदौरिया आगे रहे। संवाद
13 से 15वें राउंड में उत्कर्ष की बढ़ गई थीं धड़कनें
लखीमपुर खीरी। खीरी लोकसभा सीट के सपा प्रत्याशी उत्कर्ष वर्मा ने भी पहले राउंड 723 वोटों से आगे रहे। पहले राउंड में बीजेपी को 19209, जबकि सपा को 19932 वोट मिले थे। दूसरे राउंड में सपा 1151 वोटों से आगे रही। तीसरे राउंड में 1907 वोटों से आगे रहे उत्कर्ष वर्मा। पांचवें राउंड में 2730, छठे में 112, सातवें 330 वोटों से आगे रहे। छठे राउंड से अंतर कम होने पर उत्कर्ष वर्मा की धड़कनें बढ़ गई थीं, लेकिन आठवें राउंड में फिर से 2504 वोटों से बढ़त बना ली थी। 10वें राउंड में सपा 6052, 11वें में 1957 से बढ़त बनाई, लेकिन जैसे ही 13 राउंड का रिजल्ट आया तो अंदर मात्र 159 का बचा। ऐसे में सपा के समर्थक और प्रत्याशी चिंतित हो गए। चिंता तब और बढ़ गई जब 15वें राउंड के रिजल्ट में सपा को पछाड़ते हुए भाजपा 2224 वोटों से आगे निकल गई। एकदम पीछे होने पर सपा समर्थकों में मायूसी देखी जाने लगी तो वहीं भाजपा समर्थक खुश नजर आए। लेकिन भाजपा की यह खुशी ज्यादा देर तक नहीं रही और अगले राउंड से सपा फिर से आगे निकल गई और अंतिम तक रही।