लखीमपुर खीरी। जिले में शुक्रवार से मकानों की गणना का कार्य शुरू हो गया। पहले ही दिन प्रगणकों ने 7100 से अधिक मकानों की गणना पूरी कर जिले को प्रदेश में छठे स्थान पर पहुंचा दिया।
जिला जनगणना अधिकारी एवं एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि जिले में 7545 प्रगणक लगाए गए हैं। अभियान का पहला दिन होने के कारण सभी टीमें पूरी तरह सक्रिय नहीं हो सकीं, लेकिन आने वाले दिनों में कार्य की गति और तेज होगी। इसके बावजूद जिले ने प्रदेश स्तर पर टॉप-10 सूची में छठा स्थान हासिल किया है।
उन्होंने कहा कि जनगणना शासन की प्राथमिकता में शामिल है और सभी प्रगणकों को जिम्मेदारी व सावधानी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में जिले की रैंकिंग और बेहतर होगी।
कस्बे में हुई जनगणना की शुरुआत
मोहम्मदी। कस्बे में सर्किल संख्या पांच और ब्लॉक संख्या 21 में छोटी देवी मंदिर से टीपी आरएस एजुकेशनल इंस्टीट्यूट मार्ग तक जनगणना कार्य शुरू हुआ। सुपरवाइजर कन्हैयालाल शास्त्री ने बताया कि सभी ब्लॉक संख्या के कर्मचारी जनगणना कार्य में लगे हैं। संवाद
भीषण गर्मी में घर-घर पहुंच रहे प्रगणक
धौरहरा। सरोजनी नगर, बाजार वार्ड सहित कई मोहल्लों में प्रगणक घर-घर जाकर लोगों का विवरण जुटा रहे हैं। कई घरों में लोग न मिलने से कर्मचारियों को दोबारा जाना पड़ रहा है। जनगणना कर्मियों ने बताया कि तेज गर्मी के बीच काम करना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन निर्धारित समय में कार्य पूरा करना है। संवाद
-
गांव-गांव पहुंचे प्रगणक, जनगणना कार्य शुरू
खमरिया। ईसानगर क्षेत्र में प्रगणकों ने घर-घर पहुंचकर नजरी नक्शा तैयार करने, मकानों को चिन्हित करने और क्रम संख्या देने का कार्य शुरू किया। जनगणना शुरू होने से पहले तहसीलदार आदित्य विशाल की अगुवाई में सुपरवाइजरों और प्रगणकों की बैठक भी हुई। संवाद