सीतापुर के कृषि अधिकारी की भूमिका संदिग्ध होने पर सीडीओ ने दी कार्रवाई की चेतावनी
यूरिया को लेकर सीडीओ ने की समीक्षा बैठक
लखीमपुर खीरी। जिले में यूरिया की किल्लत दूर करने के लिए सीडीओ अरविंद सिंह ने बृहस्पतिवार को उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधियों, कृषि, गन्ना व सहकारिता विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्धारित दर पर यूरिया और अन्य उर्वरकों की उपलब्धता न होने का मुद्दा छाया रहा। लखीमपुर के लिए निर्धारित उर्वरक आवंटन के सापेक्ष उर्वरक की आपूर्ति न किए जाने पर सीडीओ ने अधिकारियों से जवाब मांगा तो अधिकारियों ने बताया कि सीतापुर में रैक लगने के कारण सीतापुर आदि जनपदों को अधिक उर्वरक मिल जा रहे हैं। इससे लखीमपुर को आवंटित मात्रा के हिसाब से उर्वरक नहीं मिल पाती है।
बैठक में समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने आरोप लगाया कि सीतापुर के जिला कृषि अधिकारी मनमाने तरीके से लखीमपुर के लिए आवंटित उर्वरक की आपूर्ति बाधित कर देते हैं। लखीमपुर को आवंटित उर्वरक का हिस्सा सीतापुर में ही उतार लिया जाता है। इससे जनपद को आवंटित उर्वरक न मिलने से यूरिया की किल्लत बनी हुई है। इस पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए लखीमपुर के जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि उर्वरक आपूर्ति में कमी होने की दशा में तुरंत जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
कहा, यदि भविष्य में सीतापुर के जिला कृषि अधिकारी द्वारा लखीमपुर की आपूर्ति बाधित की जाती है तो उनके विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सीडीओ ने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त कृषि निदेशक उर्वरक अनिल पाठक से बात की है, जिसमें संयुक्त कृषि निदेशक ने सीडीओ को आश्वासन दिया है कि शीघ्र ही एक रैक इफको, एक रैक कृभको एवं एनएफएल की रैक यूरिया की पूरी मात्रा लखीमपुर को आपूर्ति कराई जाएगी। इसके लिए संबंधित कंपनियों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। बैठक में उप कृषि निदेशक योगेश प्रताप सिंह, जिला गन्ना अधिकारी ब्रजेश पटेल, सहायक निबंधक सूर्य नारायन मिश्र समेत इफको, कृभको, एनएफएल चंबल, आईपीएल, कानपुर फर्टिलाइजर के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जनपद में अब यूरिया की कमी नहीं होने दी जाएगी। यदि कोई कानूनन आवंटन में किसी प्रकार की छेड़छाड़ करेगा तो संबंधित कंपनियों/ अधिकारियों का उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए कार्रवाई की जाएगी। जिला कृषि अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह को निर्देश हैं कि दोषी उर्वरक विक्रेताओं के खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम की सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराएं। - अरविंद सिंह, सीडीओ