विजेता टीम के कप्तान को ट्रॉफी देते मुख्य अतिथि भवानी शंकर माहेश्वरीस्रोत-मुख्य अतिथि
मैलानी। कंधईपुर क्रिकेट क्लब ने मंगलवार को कंधईपुर प्रीमियम लीग (केपीएल) के खिताब पर कब्जा किया। शीबू की 12 छक्कों के साथ अर्धशतकीय पारी की बदौलत निषाद क्रिकेट क्लब की खिताब जीतने की उम्मीद धराशायी हो गई। कंधईपुर ने नौ विकेट से निषाद को हराया।
गांव कंधईपुर में आयोजित खिताबी मुकाबले में कंधईपुर क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। बेहतरीन गेंदबाजी के बदौलत निषाद क्रिकेट क्लब को 16 ओवरों में 120 रनों पर ही समेट दिया। शीबू ने दो विकेट झटके।
जवाब में कंधईपुर क्रिकेट क्लब के खिलाड़ियों ने धुआंधार प्रदर्शन से पारी की शुरुआत की। इसमें शीबू ने 84 रनों की पारी में 12 छक्के जड़े। नौ ओवरों और चार गेंदों में केवल एक विकेट खोकर कंधईपुर ने निषाद क्रिकेट क्लब को नौ विकेट से हरा दिया।
शानदार प्रदर्शन के लिए शीबू को मैन ऑफ द मैच चुना गया है। मुख्य अतिथि समाजसेवी भवानी शंकर माहेश्वरी बंटी ने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर उनकी हौसला अफजाई की। साथ ही अपनी ओर से 10,000 रुपये का इनाम दिया। इस दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिला उपाध्यक्ष गुरमीत कौर, प्रताप सिंह रावत, पप्पू राठौर सहित अन्य दर्शक मौजूद रहे।