पलियाकलां। तराई क्षेत्र में मौसम के अचानक बदले मिजाज और सोमवार सुबह हुई तेज बारिश ने दुधवा टाइगर रिजर्व की पर्यटन गतिविधियों पर ब्रेक लगा दिया। जंगल के कच्चे रास्तों पर कीचड़ और दलदल बनने से पार्क प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सफारी पर रोक लगा दी है।
सोमवार की सुबह की पहली पाली की सफारी संपन्न हो गई थी, लेकिन इसके बाद रास्तों की स्थिति खराब होने पर पर्यटकों को जंगल में प्रवेश से रोक दिया गया। बारिश के कारण पर्यटन रूट पर जगह-जगह पानी भर गया और फिसलन बढ़ने से सफारी वाहनों के फंसने की आशंका बढ़ गई थी।
अचानक लिए गए इस निर्णय से दूर-दराज से पहुंचे कई पर्यटकों को मायूस लौटना पड़ा। मंगलवार को दुधवा टाइगर रिजर्व का साप्ताहिक अवकाश रहता है, इसलिए उस दिन भी गेट बंद रहेंगे। पार्क प्रशासन के अनुसार, अब बुधवार से सफारी दोबारा शुरू होने की संभावना है।
-
बारिश के कारण रास्तों पर पानी भरने और कीचड़ होने की स्थिति को देखते हुए सफारी पर रोक लगाई गई है। मंगलवार को साप्ताहिक अवकाश रहेगा।
-प्रशांत कुमार प्रियदर्शी, आरओ पर्यटन दुधवा