धनगढ़ी (नेपाल)। राष्ट्रीय निकुंज पार्क के तहत जंगल मार्ग पर बाघ ने हमला कर एक 55 वर्षीय भारतीय की जान ले ली। सूचना मिलने पर पार्क कर्मियों के साथ पुलिस व नेपाली सेना के जवानों ने मृतक के शव को जंगल से लाकर पार्क में कार्यालय में रखा है। पुलिस भारतीय की शिनाख्त में जुटी है ।
बांके राष्ट्रीय निकुंज पार्क के वार्डन श्याम शाही ने बताया कि पार्क अंतर्गत राप्ती सोनारी गांव पालिका वार्ड एक गावर गांव के पास जंगल क्षेत्र में बाघ ने हमला कर 55 वर्षीय भारतीय की जान ले ली। सूचना पर पार्क कर्मियों, पुलिस व नेपाली सेना के जवानों ने जब जंगल में जाकर तलाश की उक्त व्यक्ति का जंगल के अंदर क्षत-विक्षत हालत में शव मिला, जिसे पार्ककर्मियों ने कब्जे में लेकर कार्यालय पर लाकर रखा है। उधर बांके जिला एसपी श्याम कृष्ण अधिकारी ने बताया कि बाघ द्वारा मारे गए व्यक्ति की फिलहाल शिनाख्त नही हो पाई है। वह गांव के एक होटल में बर्तन साफ करने का काम करता था, जिसे लोग बाबू भैया के नाम से बुलाते थे। पुलिस मृतक की शिनाख्त में जुटी है। संवाद
बाघ ने नीलगाय को मार डाला
अमीरनगर। कस्बे के पूरब पुलिस चौकी से 100 मीटर की दूरी पर बाघ ने नीलगाय पर हमला कर उसे मार डाला।
कस्बे के पूरब पूर्व प्रधान मोहम्मद यूनुस खां के गन्ने के खेत में नीलगाय का शव पड़ा मिला। बदबू आने पर खेत में काम करने वाले मजदूरों ने गन्ने के खेत के अंदर घुसकर देखा तो वहां पर बाघ के पगचिह्न मिले। बाघ को लेकर ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी। संवाद