नयापुरवा, कुंवरपुर कलां, खालेपुरवा गांव के नजदीक बह रही है नदी
-प्रेमनगर में अपने आप ट्रैक्टरों से बंधा बना रहे है ग्रामीण
पहाड़ों पर हुई बरसात तथा बनबसा बैराज से रिलीज किए गए पानी की वजह से शारदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। जिससे आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। हालांकि शारदा नदी का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से नीचे है। लेकिन गांवों के करीब पानी पहुंचने से लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। उधर प्रेमनगर गांव में पानी से बचाव के लिए लोगों ने अपने आप ही बंधा का निर्माण करना शुरू कर दिया है।
हर साल आने वाली बाढ़ की विभीषिका से पहले से ही ग्रामीण परेशान हैं। इसके बाद पहाड़ों पर हुई वर्षा तथा बनबसा बैराज से रिलीज किए गए पानी की वजह से शारदा नदी में पानी ज्यादा हो गया है। जिसके कारण शारदा नदी के आसपास के गांवों के ग्रामीणों में हड़कंप मचा हुआ है। शारदा नदी में पानी बढ़ जाने से भयभीत हुए प्रेमनगर के ग्रामीणों ने अपने आप ही बंधा बनाने का कार्य भी शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि हर साल वह बाढ़ की मार झेलते हैं तथा प्रशासन इस ओर कोई कदम नहीं उठा रहा है, जिसके कारण वह खुद ही अपने आशियाना बचाने के लिए कार्य कर रहे हैं। यहां पर प्रेमनगर निवासी गुरदयाल सिंह, देवेंद्र सिंह, सुखविंदर सिंह, जोगेंदर सिंह, सुखपाल सिंह सहित भारी संख्या में बड़े व बच्चे बंधा बनाने के लिए जुटे हुए हैं। ट्रैक्टर से मिट्टी खोदकर वह नदी के आवेश को कम करने का प्रयास कर रहे हैं। उधर मझगईं चौकी क्षेत्र के नयापुरवा व खालेपुरवा में भी गांव के समीप शारदा नदी का पानी बढ़ने से लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। नयापुरवा व कुंवरपुरकलां में निकली शारदा नदी घरों के बिल्कुल समीप पहुंच गई है। बता दें कि हर साल आने वाली बाढ़ के कारण यहां के बांशिदों को निकलने का एकमात्र सहारा नाव ही बचता है, जिससे वह आवागमन करते हैं। इसके साथ ही बीते दो साल पहले यहां शारदा ने तबाही मचाते हुए काफी घरों को अपने आगोश में ले लिया था। जिसके कारण यहां के ज्यादातर लोग खानाबदोशों की जिंदगी बसर कर रहे हैं।