खेल का सामान भी हुआ धीरे-धीरे गायब, पानी का मोटर भी हुआ चोरी
मैगलगंज के खखरा गांव में दो हेक्टेअर जमीन पर कराया गया था निर्माण
मैगलगंज (लखीमपुर खीरी)। कस्बे से सटी ग्राम पंचायत खखरा में 23 लाख की लागत से दो हेक्टेअर जमीन पर बनाया गया मिनी स्टेडियम देखरेख के अभाव में जर्जर हो गया है। खेल का सामान गायब हो चुका है और पानी का मोटर भी चोरी हो चुका है। लावारिस हाल पड़े मिनी स्टेडियम कोई पुरसाहाल नहीं है, जबकि इसकी जिम्मेदारी जिला युवा कल्याण विभाग के पास है।
जिला योजना के तहत 2006-07 में ग्राम पंचायत खखरा में मिनी स्टेडियम स्वीकृत हुआ था, जिसके बाद आठ जनवरी 2007 को तत्कालीन राज्यमंत्री बंशीधर राज ने शिलान्यास किया था। इसके बाद 23 लाख की लागत से इसका निर्माण कराया गया। इसमें कर्मचारियों के रहने के लिए चार कमरे बनाए गए हैं और बैडमिंटन हाल भी बना है। मिनी स्टेडियम का निर्माण पूरा होने के बाद इसे जिला युवा कल्याण विभाग के हैंडओवर किया गया था, जिसके बाद कुछ समय तक पीआरडी जवानों की ड्यूटी यहां लगाई गई। धीरे-धीरे अधिकारियों ने मिनी स्टेडियम की ओर से अपना ध्यान हटा लिया, जिसके बाद से यह लावारिस हाल पड़ा है। इसमें खेल के लिए लगाए गए सामान व उपकरण गायब हो चुके हैं। खेल मैैदान में घास व झाड़ियां उगी हैं, जिनकी सालों से सफाई नहीं कराई गई है। जबकि हाल में ओलंपिक खेलों में भारत का अच्छा प्रदर्शन रहने के बाद खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार विशेष जोर दे रही है। अभी कुछ दिन पहले ही सांसद खेल स्पर्धा भी कराई जा चुकी है। इसके बावजूद स्टेडियम की अनदेखी बताती है कि अधिकारी खेलों के प्रति बिलकुल लापरवाह रवैया अपनाए हुए हैं। वहीं जिन गांवों या कस्बों में खेल मैदान नहीं है, वहां नए खेल मैदान बनाने की मांग भी की जा रही है। जबकि जिला युवा कल्याण विभाग द्वारा पलिया, निघासन, बेहजम आदि जगहों पर नए मिनी स्टेडियम बनाने के प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं।
मिनी स्टेडियम की देखरेख नहीं हो रही है, जिससे यहां खेलकूद का सारा सामान गायब हो चुका है। पानी का मोटर भी चोरी हो चुका है। मैदान में घास व झाड़ी उगी है, जिससे बच्चे यहां खेलने में असहज महसूस करते हैं। विभाग के अधिकारियों को चाहिए इसका कायाकल्प कराएं। - किरन मिश्रा, प्रधान
एक दिन पहले ही चार्ज मिला है। मिनी स्टेडियम के हालात के बारे में जानकारी की जाएगी। संसाधनों की व्यवस्था कराकर स्टेडियम का चालू कराया जाएगा। - सुनील कुमार भारती, जिला युवा कल्याण अधिकारी/जिला क्रीड़ा अधिकारी