गन्ना मूल्य का भुगतान समय से न होने के चलते आर्थिक संकट झेल रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है। होली से ठीक एक दिन पहले चार चीनी मिलों ने 23 करोड़ 34 लाख रुपये किसानों के बैंक खाते में भेज दिए।
जिला गन्ना अधिकारी जगदीश चंद्र यादव ने बताया कि होली से पहले किसानों को कम से कम 15 करोड़ रुपये भुगतान कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसको लेकर बजाज ग्रुुप और ऐरा मिल पर दबाव बनाया गया। सोमवार को बजाज ग्रुप की गोला मिल ने दो करोड़ 35 लाख, पलिया मिल ने तीन करोड़ 38 लाख रुपये, खंभारखेड़ा मिल ने पांच करोड़ 17 लाख रुपये भुगतान किया है। इसी तरह ऐरा मिल ने 12 करोड़ 43 लाख रुपये भुगतान किया है। जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि अन्य मिलों पर भी शीघ्र भुगतान कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।