.जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में खीरी सांसद ने की विकास कार्यों की समीक्षा
.पाइप पेयजल परियोजना की खराब स्थिति पर दागे गए सवाल
.डीएम के सवाल पर चुप्पी साध गए जल निगम के एक्सईएन
.कार्य में लापरवाही और बैठक से अनुपस्थिति रहने पर एग्रो प्रबंधक का वेतन रोका
जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में पेयजल व्यवस्था की बदहाल स्थिति का मुद्दा छाया रहा, जिसमें जनप्रतिनिधियों ने हैंडपंपों के रिबोर में धांधली किए जाने के आरोप लगाए। वहीं ग्राम पंचायतों को हैंडओवर की जा चुकी पाइप पेयजल परियोजना में खामियों से पानी सप्लाई बाधित होने की शिकायतें अध्यक्ष के सामने रखीं। इसके अलावा अध्यक्ष/सांसद अजय मिश्र टेनी ने पीएमजीएसवाई, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन आदि योजनाओं की चर्चा की। डीएम आकाशदीप ने कार्यों में लापरवाही बरतने और बैठक में अनुपस्थिति रहने वाले यूपी स्टेट एग्रो के प्रबंधक का वेतन रोकने के आदेश दिए।
भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं के अनुश्रवण के लिए गठित जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में खीरी सांसद अजय मिश्र टेनी की अध्यक्षता में हुई, जिसमें 12 योजनाओं की समीक्षा की गई। सीडीओ अमित सिंह बंसल ने पिछली बैठक की कार्यवाही पढ़ी। इसके बाद सांसद अजय मिश्र टेनी ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की प्रगति जाननी चाही, जिस पर अधिशासी अभियंता संतोष कुमार ने बताया कि 2015-16 में 122 सड़के प्रस्तावित थीं, जिनमें 98 सड़क पूरी हो चुकी हैैं। जबकि 16 निर्माणाधीन हैं और आठ सड़कों के प्रस्ताव निरस्त हो चुके हैैं। इस वर्ष 14 नई सड़कों के प्रस्ताव भेजे गए हैं। इस दौरान कई जनप्रतिनिधियों ने हाल में बनाई गई सड़कों के टूटने की शिकायतें भी की। जल निगम की समीक्षा के दौरान हैंडपंपों के रिबोर करने में धांधली की शिकायतें प्रमुखता से की गई, जिस पर अध्यक्ष और डीएम ने संज्ञान लेते हुए एक्सईएन विनय पाल से सवाल पूछे, तो वह समुचित जवाब नहीं दे सके। इस पर डीएम ने हैंडपंप रिबोर के बाद पंचायत को लिखित तौर पर हैंडओवर करने के निर्देश दिए। शौैचालय निर्माण की समीक्षा के दौरान डीएम आकाशदीप ने कहा कि अभी चार लाख परिवारों के पास शौचालय नहीं हैं। 2019 तक लक्ष्य पूरा करने के लिए लोगों को जागरूक करना होगा। सरकार की प्राथमिकता मानने वालों को सोच बदलने की जरूरत है। बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम, राष्ट्रीय ग्रामीण अजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, समेकित वाटर शेड प्रबंधन कार्यक्रम, राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन आदि योजनाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। बिन्दुवार समीक्षा करते हुए सांसद ने निर्देशित किया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण गारंटी अधिनियम के तहत आने वाली शिकायतों को तुरंत दूर किया जाए। बैैठक में सीएमओ डॉ अरुण कुमार, पीडी दिनेश कुमार सिंह, डीडीओ अनिल कुमार सिंह, डीपीआरओ सुधीर श्रीवास्तव, अपर जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम समेत जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
नहीं पहुंचे एक भी विधायक
जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में आठ में से एक भी विधायक उपस्थित नहीं हुआ। कुछ विधायकों के प्रतिनिधि जरूर शामिल हुए। इसके अलावा एमएलसी और राज्यसभा सांसदों ने भी बैठक से दूरी बनाए रखी।
सांसद, डीएम और सीडीओ ने किया पुस्तक का विमोचन
सांसद अजय मिश्र टेनी, डीएम आकाशदीप ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना से संबंधित स्वच्छ धरा खेत हरा नामक पुस्तक का विमोचन कलक्ट्रेट सभागार में किया। विमोचन के दौरान एसडीएम पल्लवी मिश्रा, पीडी दिनेश कुमार सिंह, डीडीओ अनिल कुमार सिंह समेत तमाम जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।