हैंडवाश डे पर हाथ धोते डीएम। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। ग्लोबल हैंडवाशिंग डे पर गुरुवार को अधिकारियों ने हाथ धोते फोटो सोशल मीडिया पर साझा किए। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बीएसए कार्यालय पर अधीनस्थ अधिकारियों के साथ हाथ धुलाई कर जन जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। मंडी परिसर में निदेशक ने हैंडवाश डे पर शपथ दिलाई। इसके बाद मंडी सचिव समेत कर्मचारियों ने भी हाथ धोते हुए फोटो साझा करके स्वच्छता का संदेश दिया।
सरकारी कार्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वयं सहायता समूहों, जिला चिकित्सालय, विद्यालयों में लोगों द्वारा साबुन व हैंडवॉश से हाथ धोकर लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के बेहतर उपाय के बारे में जागरूक किया गया। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि हाथ की स्वच्छता हमारे स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का ही एक हिस्सा है, क्योंकि सिर्फ साबुन से अच्छी तरह हाथ धो लेने से ही कई तरह की बीमारियों से बचा जा सकता है। कोरोना बचाव का सबसे अच्छा उपाय है कि सभी नियमित हाथ की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल के निर्देशन में आशा बहुओं ने गांव-गांव जाकर लोगों को नियमित साबुन से हाथ धोने के तरीके व कोरोना के बचाव के संबंध में आम जनमानस को जागरूक किया।
हैंडवॉश डे पर हाथ धोने की प्रक्रियाओं के बारे में बताया
पलियाकलां। श्रीनगर गांव में आयोजित कार्यक्रम में चाइल्ड लाइन के समन्वयक लवकुश वर्मा, रुचि श्रीवास्तव व इंद्र कुमार अवस्थी ने बच्चों को सामाजिक दूरी का पालन कराते हुए लाइन में खड़ा किया और उन्हें कोरोना संक्रमण की जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि खाना खाने से पहले और उसके बाद अपने हाथों को अच्छी तरह से धुलें। कोरोना के लक्षण के बारे में भी बताने के साथ ही मास्क लगाकर बाहर निकलने की बच्चों को सलाह दी गई। टीम के इंद्र कुमार अवस्थी ने चाइल्ड लाइन के कार्यों की जानकारी देने के साथ ही टोल फ्री नंबर 1098 के बारे में भी बताया और बच्चों को घर में रहकर पढ़ाई करने की सलाह दी। इस मौके पर गांव के बच्चे व उनके अभिभावक मौजूद रहे। संवाद