लखीमपुर खीरी। सरकार ने जीएसटी 2.0 सोमवार से लागू करते हुए उपभोक्ताओं को राहत मिलने का दावा किया है, लेकिन हकीकत में तस्वीर कुछ और ही है। टैक्स दरों में कटौती के बावजूद बाजारों में नए दाम पर सामान नहीं मिल पा रहा है। दुकानों में नया स्टॉक न पहुंचने से व्यापारी अब भी पुराने एमआरपी पर ही उत्पाद बेच रहे हैं।
उपभोक्ताओं की उम्मीद थी कि साबुन, शैम्पू, टूथपेस्ट, पैक्ड फूड, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं सस्ती होंगी, लेकिन बाजार में हालात उल्टे हैं। अधिकतर दुकानदार पुराने स्टॉक का हवाला देकर घटे हुए दाम पर सामान देने से बच रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि यह साफ तौर पर जीएसटी कटौती के लाभ से वंचित करने जैसा है।
शहर के प्रमुख व्यापारियों ने बताया कि नया स्टॉक आने में अभी कुछ दिन का समय लगेगा। ऐसे में उपभोक्ताओं को फिलहाल किसी भी राहत की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।
वहीं, उपभोक्ताओं का कहना है कि व्यापारी जानबूझकर पुराने स्टॉक पर ही अड़े हुए हैं, ताकि जीएसटी कटौती का फायदा ग्राहकों तक न पहुंचे।
प्रतीक शेखर