मझगई थाना क्षेत्र के सलीमाबाद और धोबीपुरवा के बीच बनी पुलिया के नीचे भारी मात्रा में दवाएं पड़ी मिली। इसका वीडियो भी सामने आया है। सीएमओ ने जांच कराने की बात कही है।
लखीमपुर खीरी के मझगई थाना क्षेत्र के सलीमाबाद और धोबीपुरवा के बीच बनी पुलिया के पास भारी मात्रा में कैल्शियम, आयरन समेत कई दवाएं कूड़े के ढेर में पड़ी मिली। दवाओं को फेंके जाने से स्वास्थ्य विभाग पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। उधर, सीएमओ ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
विज्ञापन
निघासन के मझगई क्षेत्र के सलीमाबाद और धोबीपुरवा के बीच बने पुलिया के पास बुधवार की शाम भारी मात्रा में दवाएं पड़ी होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में कैल्शियम, आयरन जैसी कई दवाएं दिख रही हैं। यह दवाएं गर्भवती, धात्री महिलाओं के साथ ही बच्चों को दिए जाने वाली हैं। दवाएं किसने, कब और क्यो फेंकी... यह तो जांच का विषय हैं, लेकिन सूत्रों के अनुसार पास के ही एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की ये दवाएं हैं।
एक्सपायर होने के बाद इन्हें फेंक दिया गया। जबकि जमीन पर पड़ी कई ऐसी दवाएं है, जिनकी एक्सपायरी तिथि अभी नहीं निकली है। सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता का कहना है कि दवाएं फेंके जाने का मामला फिलहाल संज्ञान में नहीं है, लेकिन जांच कराई जाएगी।