लखीमपुर खीरी। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर ‘किसान भागीदारी प्राथमिकता हमारी’ कार्यक्रम के तहत पीएम किसान के सभी लाभार्थियों के किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा देने का निर्णय लिया गया है। एक मई तक विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन कर किसान क्रेडिट कार्ड से वंचित किसानों के आवेदनपत्र तैयार कर बैंक शाखा को भेजे जाएंगे।
उप कृषि निदेशक डॉ. योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा से वंचित है तो बैंक से संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि एक पन्ने का सरल आवेदन पत्र, भूमि का अभिलेख, फसल का विवरण व इस आशय का घोषणापत्र कि उनको किसी भी बैंक से किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है.. के साथ आवेदन करना है।
किसान क्रेडिट कार्ड के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए न्याय पंचायत में कार्यरत कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक, एटीएम/बीटीएम, कॉमन सर्विस सेंटर के प्रतिनिधि और संबंधित बैंक एवं बैंक सखी बीडीओ, उपसम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, उप कृषि निदेशक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इस महाअभियान में सरकार द्वारा पीएम किसान की किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा से संतृप्त किया जाना है। ताकि सभी किसानों को इस योजना का लाभ मिल सके। संवाद