लखीमपुर खीरी। जनपद के सभी 15 ब्लॉकों में शनिवार को गरीब कल्याण दिवस को मेले के रूप में धूमधाम से मनाया गया। इन मेलों में जरूरतमंदों को जहां एक ओर योजनाओं की सौगात मिली, वहीं अफसरों ने लोगों को योजनाओं के फायदे बताए। सीडीओ अनिल सिंह ने स्वयं ब्लॉक मोहम्मदी व पसगवां पहुंचकर गरीब कल्याण मेले का निरीक्षण किया। ग्रामीणों से योजनाओं से जुड़कर अपने जीवन को संवारने की बात कही।
सदर व नकहा ब्लॉक में विधायक सदर योगेश वर्मा ने मेले का शुभारंभ किया। धौराहरा व ईसानगर ब्लॉक में विधायक बाला प्रसाद अवस्थी, रमियाबेहड़ व निघासन में विधायक शशांक वर्मा, मितौली में विधायक सौरभ सिंह सोनू, कुंभी में विधायक अरविंद गिरी, फूलबेहड़ में विधायक मंजू त्यागी, पसगवां ब्लॉक में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सांसद रेखा अरुण वर्मा व पलिया में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री/ खीरी सांसद अजय मिश्र टेनी व विधायक रोमी साहनी ने मिलकर शुभारंभ किया।
वहीं ब्लॉक बांकेगंज में प्रमुख प्रतिनिधि रामनरेश, मोहम्मदी में ब्लॉक प्रमुख महेंद्र बाजपेई, बेहजम में ब्लॉक प्रमुख वीना राज, बिजुआ में ब्लॉक प्रमुख विमल वर्मा व विधिवत मेले का शुभारंभ किया। मेले में एडिप व वयोश्री योजना में वीएलई ने आवेदन काउंटर लगाए। वहीं पीएम जन आरोग्य योजना आयुष्मान भारत के तहत गोल्डन कार्ड बनाए गए।
डीएम डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया के निर्देश पर डीडीओ अरविंद कुमार ने अपने आवंटन ब्लॉक धौराहरा, ईसानगर, रमियाबेहड़, निघासन, पीडी केके पांडेय ने मोहम्मदी, पसगवां, कुंमी, बांकेगंज, उपायुक्त मनरेगा प्रेम प्रकाश त्रिपाठी ने ब्लॉक लखीमपुर, नकहा, बेहजम, मितौली व डीसी-एनआरएलएम राजेंद्र कुमार श्रीवास ने ब्लॉक फूलबेहड़, बेहजम, पलिया में भ्रमणशील रहकर मेले की व्यवस्थाएं परखने के साथ ही सकुशल मेला संपन्न कराया।
निघासन। गरीब कल्याण मेले का शुभारंभ विधायक शशांक वर्मा ने किया। चीनी मिल बेलरायां ने गन्ना किसानों को जागरूक करने के लिए नई गन्नें की पौध दिखाकर प्रदर्शन किया और कई किसानों के गन्ने की पौध को बुक भी कराया। विधायक शशांक वर्मा ने कहा कि किसानों और क्षेत्रीय लोगों को जागरूक करने के लिए यह मेला कराया गया है। इस मेले से लोगों को सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी मिलेगी। पूर्ति विभाग ने राशन किटों और बाल विकास विभाग ने पौष्टक आहार का वितरण कराया। बीडीओ राकेश सिंह ने बिना मास्क घूम रहे लोगों को मास्क पहनने के निर्देश दिए।
गोला गोकर्णनाथ। ब्लॉक मुख्यालय पर मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक अरविंद गिरि और ब्लॉक प्रमुख विमल वर्मा ने फीता काटकर किया। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा बांकेगंज ब्लॉक परिसर में प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी का उद्घाटन बीईओ जगन्नाथ यादव ने किया। संविलियन विद्यालय हरिहरपुर के विद्यार्थियों ने भारत का नक्शा बनाकर सभी प्रदेश व राजधानी को एलईडी के माध्यम से दर्शाया।
लाभार्थियों को इन योजनाओं का मिला लाभ
डीएसओ वीपी सिंह ने बताया कि गरीब कल्याण दिवस पर उज्जवला योजना 2.0 के तहत 3664 नए निशुल्क गैस कनेक्शन स्वीकृत हुए, जिसमें इंडियन गैस के 1913, भारत गैस के 1718, एचपी गैस के 37 कनेक्शन शामिल हैं। वहीं 208 नए राशन कार्ड निर्गत कर वितरित किए गए। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी व विधायक रोमी साहनी ने मिलकर ब्लॉक पलिया में क्षेत्र पंचायत एवं ग्राम पंचायत द्वारा राज्य वित्त एवं 14वें वित्त में 1.21 करोड़ की धनराशि से कराए गए 21 कार्यों का लोकार्पण किया है। मेलो में कुल 12861 ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया, जिसमें पीएम आवास योजना के 400 लाभार्थी, समाज कल्याण के 436, खाद्य एवं रसद विभाग के 729, महिला कल्याण विभाग के 685, पंचायती राज के 461, कृषि विभाग के 1496, शिक्षा विभाग के 274, आयुर्वेदिक के 406, दिव्यांगजन सशक्तिकरण के 94, पिछड़ा वर्ग के 93, अल्पसंख्यक के 28, बाल विकास एवं पुष्टाहार के 683,पशुपालन के 328, उद्यान के 137, श्रम के 249, होम्योपैथिक के 425, रेशम के के 148, स्वास्थ्य के 2809,एनआरएलएम के 786, खादी ग्रामोद्योग के 46, मनरेगा के 41, गन्ना 200 एवं लघु सिंचाई विभाग द्वारा 25 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
इन विभागों ने लगाए स्टाल
चिकित्सा, कृषि, उद्यान, महिला कल्याण, समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, बाल विकास एवं पुष्टाहार, कृषि रक्षा, राजस्व, ग्राम्य विकास, मनरेगा सहित विभिन्न विभागों ने स्टाल लगाए।