बुधवार शाम तक नहीं मिल सका था उन्हें कोई बड़ा एडवांस आर्डर
लखीमपुर खीरी। आज आने वाले मतगणना परिणामों को लेकर सभी पार्टी प्रत्याशियों के मन में अपनी जीत को लेकर कहीं न कहीं कोई आशंका है। यही कारण है कि किसी भी पार्टी प्रत्याशी ने मिठाइयों, पटाखा और फूलमालाओं के एडवांस आर्डर दुकानदारों को नहीं दिए हैं। दुकानदार बड़ी बेसब्री से अपने भावी विधायक के आर्डर का इंतजार कर रहे हैं।
विधानसभा चुनाव चाहें 2012 का रहा हो या फिर 2017 का। जबरदस्त लहर के कारण 2012 में सपा तो 2017 में भाजपा ने एक तरफा जीत हासिल की। मतदाता और समर्थक अपने भावी विधायक को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त थे। दुकानदारों का कहना है कि इसी कारण इन दोनों चुनाव में मतगणना वाले दिन के लिए लड्डू, फूल-माला और आतिशबाजी तक एडवांस में बुक हो गई थी, लेकिन इस बार चुनावी रण बेहद कांटे का रहा।
मतदाताओं की चुप्पी और मौका-ए-स्थिति को देखकर वोटरों का रुख बदलने से राजनीतिक पंडित तक जीत-हार की गुणा-भाग को लेकर असमंजस में हैं। हालांकि सभी प्रत्याशी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं, लेकिन इसको लेकर वह पूरी तरह से आश्वस्त नहीं है। यही वजह है कि समर्थकों ने न तो मिठाई का आर्डर दिया है और न ही आतिशबाजी और फूल मालाओं का। ऐसे में बुधवार को इन दुकानों पर सन्नाटा पसरा रहा।
फूल विक्रेता तुषार सैनी ने बताया कि अब तक फूल-माला एवं बुकें आदि का एक भी आर्डर नहीं मिला है। फूल तो रोजाना आते ही हैं। सुबह माला और बुकें भी तैयार कर लेंगे, क्योंकि जीत होने पर समर्थक अपने नेताओं के लिए फूल माला तो खरीदेंगे ही।
पटाखा कारोबारी सिकंदर बताते हैं कि आर्डर तो नहीं मिला। आज दोपहर बाद लगभग साफ हो ही जाएगा कि कौन विजेता होगा। तभी आतिशबाजी की खरीदारी होगी। स्टाक तो हमारे पास पर्याप्त मौजूद ही है।
गोविंद स्वीट्स मालिक गोविंद गुप्ता का कहना है कि लड्डू आदि को लेकर किसी ने अभी तक आर्डर तो नहीं दिया। फिलहाल बूंदी आदि तो तैयार ही रहती है। आर्डर मिलते ही लड्डू तैयार कराना शुरू कर देंगे।