दुधवा में आयोजित बैठक में शामिल एफडी, डीडी समेत अन्य अधिकारी। स्त्रोत वन विभाग
पलियाकलां। दुधवा नेशनल पार्क में गैंडा पुनर्वास परियोजना प्रथम फेज में एक मादा व तीन नर गैंडों को स्वच्छंद विचरण करने के लिए परियोजना परिक्षेत्र से बाहर छोड़ने पर पार्क प्रशासन विचार कर रहा है।
शनिवार की देर शाम दुधवा पर्यटन परिसर के सभागार में फील्ड निदेशक ललित वर्मा ने दक्षिण सोनारीपुर रेंज में प्रथम गैंडा पुनर्वास केंद्र से चार गैंडों को तार बाड़ से छोड़े जाने के संबंध में तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने इसके लिए गठित टीमों और उनके लिए निर्धारित किए गए कार्यों की जानकारी ली।
अपने स्तर से आवश्यक बल संसाधन, पहले से इंतजाम कर लेने और इसे पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रयोग में आने वाले उपकरणों को पूर्व में ही जांच लेने को कहा। बैठक के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी, कतर्नियाघाट, वन्य जीव प्रभाग बहराइच, प्रभागीय वनाधिकारी, उत्तर खीरी वन प्रभाग लखीमपुर, वन्य जीव प्रतिपालक, किशनपुर, उप प्रभागीय वनाधिकारी समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। डीडी डॉ. रंगाराजू टी ने भी कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारियां दी।