लखीमपुर खीरी। शारदानगर के मूलचंद्रपुरवा निवासी शिवकुमार (26) की पुलिस हिरासत में मौत के मामले में एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने एसआई शिव कुमार और सिपाही चंद्रभान, सिद्धार्थ गौतम व सचिन शर्मा को निलंबित कर दिया है। प्रकरण की मजिस्ट्रेटी जांच पहले से चल रही है।
बीते रविवार को शिवकुमार की पुलिस हिरासत के दौरान मौत हो गई थी। मामला एक लड़की से जुड़ा था। शिकायत पर पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया था और शिवकुमार का धारा 151 में चालान किया था। होमगार्ड के साथ लखीमपुर में पेशी के लिए लाते समय उसकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे।
मामला तूल पकड़ने पर पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर उसके विपक्षियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। एसपी ने मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया था। अब एसआई शिव कुमार, सिपाही चंद्रभान, सिद्धार्थ गौतम और सचिन शर्मा को निलंबित किया गया है।