वन विभाग के कब्जे में खैर की लकड़ी से भरी ट्रक। स्रोत : वन विभाग।
बांकेगंज। दक्षिण खीरी वन प्रभाग की टीम ने रविवार रात करीब 12 बजे गोला-सिकंदराबाद मार्ग पर जंगल से अवैध रूप से काटकर ले जाई जा रही खैर की लकड़ी से भरा ट्रक पकड़ लिया। चालक और उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। ट्रक में मिली खैर की लकड़ी के बोटों पर वन निगम की मुहर लगी है।
मुखबिर की सूचना पर डीएफओ तापस मिहिर के नेतृत्व में महेशपुर रेंजर निर्भय प्रताप शाही और वन कर्मियों की टीम ने गोला-सिकंदराबाद मार्ग पर नाकेबंदी की। ट्रक आते ही उसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर साथी के साथ भाग गया। ट्रक को कब्जे में लेकर काले तिरपाल की जांच की गई तो उसमें खैर की लकड़ी भरी मिली।
वन विभाग के अनुसार, यह खैर की लकड़ी दुधवा टाइगर रिजर्व के बफर जोन के जंगल से काटकर बरेली की ओर ले जाई जा रही थी। ट्रक से बरामद लकड़ी के बोटों पर वन निगम की मुहर भी मिली है।
वन विभाग को आशंका है कि लकड़ी अवैध रूप से ले जाई जा रही थी। बताया जाता है कि जंगलों से लकड़ी के कटान और ढुलान की अनुमति 30 जून तक रहती है, जबकि यह ट्रक 5 जुलाई को पकड़ा गया। ऐसे में मामले में वन निगम की भूमिका की भी जांच की जाएगी।
-
जंगल से अवैध रूप से काटकर ले जाई जा रही खैर की लकड़ी से भरे ट्रक को पकड़कर सीज कर दिया गया है। चालक भाग गया है। मामले में अज्ञात के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
-तापस मिहिर, डीएफओ, दक्षिण खीरी वन प्रभाग
वन विभाग के कब्जे में खैर की लकड़ी से भरी ट्रक। स्रोत : वन विभाग।