जिले के अलग-अलग पांच गांवों में आग लगने से करीब 70 घर जलकर राख हो गए। फूलबेहड़ ब्लाक में डल्लापुरवा गांव में 48 घर जलने के साथ ही तीन मवेशी जिंदा जल मरे। बक्खारी में 14, फरधान में तीन, खीरी में दो और संसारपुर में एक घर जल गया। इन अग्निकांडों में नकदी समेत लाखों की संपत्ति नष्ट हो गई। आग लगने पर ग्रामीण अनाज, बरतन और बिस्तर आदि कोई सामान नही बचा पाए।
महेवागंज। सदर तहसील के मकसोहा गांव के मजरा डल्लापुरवा में बुधवार देर शाम खुशीराम के घर से लगी आग में 48 घर जल कर राख हो गए। इस अग्निकांड में तीन मवेशी भी जल गए। डल्लापुरवा गांव निवासी खुशीराम के घर पेट्रोमेक्स में लीकेज से बुधवार शाम अचानक छप्पर में आग लग गई। तेज हवाओं ने आग को बेकाबू कर दिया। देखते ही देखते आग ने गांव के अधिकतर घरों को चपेट में ले लिया। इसमें सुनील, रमाकांत, राजेश, रामसागर, बिरजू, ओमप्रकाश, रामचंदर, अनूप समेत करीब 48 ग्रामीणों के घरौंदे राख हो गए। इसमें सुनील की बकरी और रमाकांत का पड्डा भी जल गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। साथ ही एसडीएम सदर एसपी सिंह और तहसीलदार नीरज प्रसाद मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने बताया कि पीड़ित ग्रामीणों को भोजन का प्रबंध किया गया है।
रजागंज। तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम बक्खारी में बृहस्पतिवार अपराह्न करीब चार बजे गांव के कुछ बच्चे खाने के लिए बेल भून रहे थे। आग की चिंगारी से पास में ही स्थित दिवाकर के घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
अग्निकांड में पड़ोस के कन्हैयालाल, बिहारी, जसवंत, बांके, शत्रोहन हरिराम, छोटे लाल, रामकिसुन, रामअवतार, कमलेश, गुड्डू, संतराम, शिव शंकर के घर भी जलकर राख हो गए। इन घरों में रखा अनाज विस्तर जेवर कपडे़ आदि जल गए। ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया। इससे ग्रामीणों में खास रोष है।
फरधान। क्षेत्र के हसनापुर में एक बारात में हो रही आतिशबाजी के दौरान निकली चिंगारी से छप्पर में आग लग गई। ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाते तीन घर जलकर राख हो गए। बुधवार को मनिकापुर निवासी बालकराम अपने पुत्र संदीप की बारात लेकर हसनापुर गए थे। बारात में आतिशबाजी हो रही थी। इस दौरान एक चिंगारी छप्पर पर जा गिरी। ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाते तब तक शत्रोहन लाल, लालता प्रसाद और रतन लाल के घर जल गए। शत्रोहन के घर में बेटी की शादी के लिए रखा सामान भी जल गया।
संसारपुर। मैलानी थाना क्षेत्र के गांव कुकुहापुर में बुधवार की रात रामेश्वर दयाल के घर में आग लग गई। इससे घर में रखा छह क्विंटल गेहूं और 32 हजार रुपया नकदी समेत सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों के प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया।
खीरी टाउन। कस्बे के मोहल्ला हनिया टोला में शंभू की पत्नी सुबह चाय बनाने के लिए चूल्हा जला कर घर के बाहर निकली। अचानक चूल्हे की चिंगारी से छप्पर में आग लग गई। देखते ही देखते छप्पर के साथ ही अमर नाथ व किशन के मकान जल कर राख हो गए। आग लगने से तीनों घरों में नकदी समेत सारा सामान जल गया।