वकील ने आरोपी फिल्म निर्माता पर दर्ज कराई रिपोर्ट
लखीमपुर खीरी। मोहल्ला शिव कॉलोनी निवासी एक वकील ने दिल्ली निवासी फिल्म निर्माता के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र और अश्लील पोस्ट वायरल करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सदर कोतवाली पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिव कॉलोनी निवासी वकील रामजी शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उन्होंने फरधान क्षेत्र के गांव मन्यौरा हाल पता राजापुर रोहिणी सेक्टर सात उत्तरी पश्चिमी दिल्ली निवासी आदित्य वर्मा को 20 अक्तूबर 2020 को 10 हजार रुपये उधार दिए थे। तब आदित्य ने फिल्म की शूटिंग पूरी करने के बाद रुपये लौटाने की बात कही थी। कई महीने बीतने के बाद आदित्य ने रुपये नहीं लौटाए तो वकील रामजी ने तकाजा शुरू कर दिया। आरोप है कि आदित्य वर्मा ने उधारी के रुपये देने से मना कर दिया और अश्लील गालियां भरी पोस्ट फेसबुक पर अपलोड करके वायरल कर दी। प्रभारी निरीक्षक प्रभातेश कुमार ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच कराई जा रही है।