पलियाकलां। पलिया के मोहित हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में पुलिस पांच दिन बाद भी नाकाम साबित नजर आई है। छापेमारी, पूछताछ का दौर जारी है लेकिन हत्यारे अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं और पुलिस मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। उधर, मृतक के पिता ने निष्पक्ष जांच करते हुए दोषी पर कार्रवाई की बात कही है। साथ ही इंसाफ दिलाने की गुहार भी लगाई है।
28 जून की रात अपने दोस्त सोमेश माधव के विवाह समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे मोहल्ला बाजार द्वितीय निवासी संतोष गुप्ता उर्फ गुल्ले के 22 वर्षीय पुत्र मोहित गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन शुरू की थी, जिसके बाद से पुलिस लगातार पूछताछ कई लोगों से कर चुकी है।
जलालाबाद से भी दो लोगों को उठाकर पुलिस ने पूछताछ की। पुलिस सूत्रों की मानें तो पूछताछ में अभी तक पुलिस के हाथ कोई अहम सुराग नहीं लग सका है, जिससे पुलिस हत्यारे को पकड़ सके। पुलिस की कई टीमें देर रात तक अलग-अलग मोहल्लों में जाकर छानबीन कर रही है।
रविवार की रात भी भारी संख्या में पुलिस फोर्स मोहल्ला काकूपुरियान में देखा गया था। उधर, मृतक मोहित के पिता संतोष गुप्ता उर्फ गुल्ले से बातचीत करने पर उन्होंने बताया कि उनके पुत्र की किसी से भी कोई दुश्मनी नहीं थी और न ही कोई विवाद था। हत्या का कारण वह भी जानना चाहते हैं।
सीओ आदित्य कुमार ने बताया कि लगातार पूछताछ की जा रही है और सभी बिंदुओं को जोड़कर काम किया जा रहा है। बाकी पुलिस जल्द से जल्द खुलासा करने का प्रयास कर रही है।