Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी जिले में खाद की किल्लत से किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। दिनभर लाइन में लगने के बाद भी किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है।
लखीमपुर खीरी जिले में अधिकांश सहकारी समितियों पर इस समय खाद उपलब्ध नहीं है। सबसे ज्यादा किल्लत डीएपी और एनपीके की है। जहां कहीं खाद है भी, वहां कम मात्रा में है, जिससे किसानों की भीड़ लग रही है। मंगलवार को बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति खमरिया में डीएपी को लेकर मारामारी मची रही। समिति के सचिव राज किशोर वर्मा ने किसानों का नाम लिखकर खाद वितरण करने में लगे रहे।
विज्ञापन
यही हाल अमीरनगर साधन सहकारी समिति में दिखा, जहां केवल 299 बोरी एनपीके खाद उपलब्ध थी। मंगलवार को 400 किसानों की लाइन समिति पर लगी रही। 100 से अधिक किसानों को निराश होकर लौटना पड़ा। किसानों का कहना है कि खेतों की जोताई हो चुकी है, लेकिन खाद न मिलने से बोवाई नहीं हो पाई है। अगर जल्द खाद नहीं मिली तो खेतों की नमी भी सूख जाएगी। देरी से बोवाई होने पर उपज पर असर पड़ेगा।