मझगईं के बल्लीपुर जाने वाले मार्ग पर कैमरा लगाते वनकर्मी। संवाद
मझगईं। मझगईं वन रेंज के गुलरा मधववा तालाब के पास बाघ दिखने से वहां काम कर रहे मजदूरों व किसानों में हड़कंप मच गया। उधर, बल्लीपुर मार्ग जाने वाले रास्ते पर एक खेत में वन विभाग ने दो कैमरे लगवाए गए हैं।
मझगईं रेंज के कोठिया से भगवंतनगर गुलरा जाने वाले रास्ते पर मधववा तालाब पड़ता है और यहां पास ही रामधुन के गन्ने के खेत में मजदूर व किसान छिलाई करने का काम कर रहे थे। इस दौरान अचानक से एक बाघ दिखने पर उनको होश उड़ गए। सभी ने शोर मचाते हुए भागकर गांव पहुंचकर ग्रामीणों को जानकारी दी।
उधर बल्लीपुर मार्ग पर वन विभाग की तरफ से जगदीश की आम के बाग में दो कैमरे लगवाए गए हैं ताकि लोकेशन को ट्रेस किया जा सके। रेंजर अंकित सिंह, फारेस्ट गार्ड भूपेंद्र सिंह, वन दरोगा मनोज यादव, वाचर कलाम द्वारा लगातार गश्त भी की जा रही है। रेंजर अंकित ने बताया कि सूचना पर वनकर्मियों को भेजा गया था, बल्लीपुर जाने वाले रास्ते पर कैमरे लगाकर बाघ की लोकेशन का पता किया जाएगा। बाकी लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।